लॉन्गव्यू (अमेरिका), 29 मई (एपी) अमेरिका के वाशिंगटन राज्य में एक पेपर मिल में विशाल रासायनिक टैंक फटने के बाद लापता नौ कर्मचारियों में से छह के शव बरामद कर लिए गए हैं।
अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि इस हादसे में कुल 11 लोगों की मौत हुई है, जबकि आठ अन्य घायल हुए हैं। यह हाल के दशकों में अमेरिका के सबसे घातक औद्योगिक हादसों में से एक माना जा रहा है।
यह दुर्घटना मंगलवार सुबह लॉन्गव्यू शहर स्थित ‘निप्पॉन डायनावेव पैकेजिंग कंपनी’ में हुई, जब कागज बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायन से भरा लगभग 19 लाख लीटर क्षमता वाला टैंक अचानक ढह गया।
दमकल अधिकारियों के अनुसार बचाव कार्य बेहद सावधानी से किया जा रहा है क्योंकि आसपास अब भी खतरनाक रसायन मौजूद हैं और टैंक के दोबारा ढहने का खतरा बना हुआ है। शवों को बाहर निकालने के बाद उन्हें रासायनिक प्रभाव से मुक्त किया जा रहा है।
हादसे में एक दमकलकर्मी सहित आठ लोग घायल हुए हैं। कुछ झुलस गए हैं और कुछ में सांस लेने में दिक्कत संबंधी शिकायतें हैं।
जापानी मूल की कंपनी निप्पॉन पेपर ग्रुप ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। अधिकारियों ने कहा कि रासायनिक रिसाव से आसपास की हवा और पेयजल पर कोई गंभीर असर नहीं पड़ा है, हालांकि कुछ प्रदूषण नदी तक पहुंचा है।
अमेरिकी पर्यावरण संरक्षण एजेंसी के अनुसार इसका फिलहाल कोई बड़ा प्रभाव नहीं देखा गया है।
एपी गोला सुरभि
सुरभि