ब्रिटिश भारतीय सांसद ने ब्रिटेन की संसद में मनाया रक्षाबंधन

ब्रिटिश भारतीय सांसद ने ब्रिटेन की संसद में मनाया रक्षाबंधन

ब्रिटिश भारतीय सांसद ने ब्रिटेन की संसद में मनाया रक्षाबंधन
Modified Date: September 17, 2026 / 11:53 am IST
Published Date: September 17, 2026 11:53 am IST

( अदिति खन्ना )

लंदन, 17 सितंबर (भाषा) ब्रिटिश भारतीय सांसद लॉर्ड कृष्ण रावल और ‘डिफेंस हिंदू नेटवर्क’ ने लंदन स्थित हाउस ऑफ लॉर्ड्स के रिवर रूम में रक्षाबंधन का विशेष समारोह आयोजित किया।

टेम्स नदी के मनोरम दृश्य की पृष्ठभूमि में हुए इस आयोजन में रावल ने कहा कि राखी के पवित्र धागे से जुड़ी ‘‘बेहद प्राचीन परंपरा’’ देश के सामने मौजूद अनिश्चित परिस्थितियों को देखते हुए और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। लेबर पार्टी के सांसद ने ब्रिटेन को लगातार खतरों से बचाने के लिए सशस्त्र बलों की सराहना की।

रावल ने कहा, ‘‘रक्षाबंधन एक बेहद प्राचीन परंपरा है और मुझे बहुत खुशी है कि इसे हाउस ऑफ लॉर्ड्स में इतने प्रभावशाली तरीके से लाया गया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम अनिश्चित समय में रह रहे हैं। सशस्त्र बलों से जुड़े हमारे मित्र मुझसे बेहतर जानते होंगे, लेकिन हमारा देश लगातार खतरे में है। कुछ दुश्मन अदृश्य हैं और हमें आपकी इस जिम्मेदारी पर भरोसा है कि आप हमारी रक्षा और सुरक्षा करेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह सुरक्षा कभी कमजोर न पड़े और हम इसी भावना को रेखांकित करने के लिए यहां एकत्र हुए हैं।’’

सोमवार को संसद परिसर में आयोजित समारोह की शुरुआत हिंदू धर्मगुरु आचार्य कृष्ण अत्री द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और श्लोकों के साथ हुई। इसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसदों, सशस्त्र बलों के प्रतिनिधियों तथा सामुदायिक एवं धार्मिक नेताओं ने हिस्सा लिया।

हाउस ऑफ कॉमन्स की रक्षा समिति के अध्यक्ष तनमनजीत सिंह ढेसी ने कहा कि रॉयल एयर फोर्स, ब्रिटिश सेना और रॉयल नेवी में भारतीय मूल के लोगों की मौजूदगी को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

ब्रिटिश सिख लेबर सांसद ने कहा कि ऐसे आयोजन केवल धर्म और संस्कृति से जुड़े नहीं हैं, बल्कि ‘‘एक-दूसरे को आगे और काम करने के लिए प्रेरित भी करते हैं।’’

एयर कमोडोर डैन जेम्स ने कहा, ‘‘इस तरह के आयोजन न केवल समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जश्न मनाने का अवसर देते हैं, बल्कि उन विविध पृष्ठभूमियों के लोगों को पहचानने का भी मौका देते हैं जो आज हमारी सेवाओं का हिस्सा हैं।’’

उन्होंने कहा कि ब्रिटेन के सशस्त्र बल जिस समाज की सेवा करते हैं, उसकी विविधता से अपनी ताकत हासिल करते हैं। विभिन्न पृष्ठभूमि, आस्था, संस्कृति और अनुभव वाले लोग देश की रक्षा और उसके मूल्यों की सुरक्षा के साझा उद्देश्य के लिए एक साथ आते हैं।

ऋषिकेश से सप्ताहांत में टेम्स नदी के किनारे गंगा आरती में शामिल होने के लिए पहुंचे स्वामी चिदानंद सरस्वती और साध्वी भगवती सरस्वती ने भी समारोह को संबोधित किया।

ब्रिटेन में ब्रह्माकुमारी की सिस्टर जयमिनी ने रक्षाबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला और इसके बाद रक्षा कर्मियों तथा अन्य अतिथियों को राखी बांधी।

समारोह का समापन 16 वर्षीय छात्रा दिशा वरसानी की भरतनाट्यम प्रस्तुति के साथ हुआ।

भाषा मनीषा रंजन

रंजन


लेखक के बारे में