ब्रिटेन के प्रधानमंत्री स्टार्मर ने ‘हाउस ऑफ लॉर्ड्स’ में मेघनाद देसाई के स्मारक पर श्रद्धांजलि दी

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री स्टार्मर ने ‘हाउस ऑफ लॉर्ड्स’ में मेघनाद देसाई के स्मारक पर श्रद्धांजलि दी

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री स्टार्मर ने ‘हाउस ऑफ लॉर्ड्स’ में मेघनाद देसाई के स्मारक पर श्रद्धांजलि दी
Modified Date: February 11, 2026 / 11:13 am IST
Published Date: February 11, 2026 11:13 am IST

(फोटो के साथ)

लंदन, 11 फरवरी (भाषा) ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर ने लंदन स्थित ‘हाउस ऑफ लॉर्ड्स’ परिसर में दिवंगत अर्थशास्त्री मेघनाद देसाई को श्रद्धाजलि देते दी तथा उन्हें ‘‘विलक्षण बुद्धिजीवी, संवेदनशील विद्वान और एक समर्पित लोक सेवक’ बताया।

ब्रिटिश संसद के उच्च सदन ‘हाउस ऑफ लॉर्ड्स’ के पूर्व सदस्य रहे देसाई का पिछले साल 84 वर्ष की उम्र में निधन हो गया और मंगलवार को उनके कई साथी सांसदों, सहयोगियों, शिक्षाविदों तथा लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (एलएसई) के पूर्व छात्रों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

एलएसई में वह अर्थशास्त्र के एमेरिटस प्रोफेसर थे।

उच्च सदन के सदस्य लॉर्ड कृष रावल ने स्टार्मर का संदेश भी पढ़कर सुनाया। संदेश में स्टार्मर ने कहा, ‘‘भारतीय मूल के पहले लेबर पार्टी के ‘पियर’ लॉर्ड देसाई की उल्लेखनीय यात्रा एक अनवरत जिज्ञासा और मानवीय समझ को आगे बढ़ाने के लिए एक अटूट प्रतिबद्धता से परिभाषित थी।’’

ब्रिटेन में ‘हाउस ऑफ लॉर्ड्स’ के सदस्य को ‘लॉर्ड’ या ‘पियर’ की उपाधि दी जाती है और उनकी पत्नी को ‘लेडी’ से संबोधित किया जाता है।

रावल ने कहा, ‘‘देसाई ब्रिटेन और भारत के बीच एक सेतु निर्माता थे, जिन्होंने अपने वैश्विक दृष्टिकोण और अनुभव से हमारे राष्ट्रीय जीवन को समृद्ध किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘संसद परिसर के ‘पार्लियामेंट स्क्वायर’ में स्थित गांधी स्मारक उनके अटूट दृढ़ संकल्प और नयी चीजों को साकार करने की उनकी असाधारण क्षमता का प्रमाण है।’’

मेघनाद देसाई की याद में उनकी पत्नी ‘लेडी’ किश्वर देसाई ने टेम्स नदी के किनारे यह कार्यक्रम आयोजित किया था।

लेखन कार्यों से जुड़ीं किश्वर देसाई ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यहां हर कोई मेरे दुःख को महसूस कर रहा है, लेकिन साथ ही उन्हें इस बात की खुशी भी है कि वह हमारे साथ थे और अपनी लिखी किताबों, अपने छात्रों और जिन विचारों को उन्होंने हमारे साथ साझा किया, उनके माध्यम से वह हमेशा हमारे बीच बने रहेंगे।’’

गुजरात में जन्मे मेघनाद देसाई अधिकतर समय लंदन, दिल्ली और गोवा में बीतता था। उन्होंने अर्थशास्त्र में कई महत्वपूर्ण रचनाएं लिखीं और वह हिंदी सिनेमा से भी काफी प्रभावित थे तथा इससे संबंधित पुस्तकें भी उन्होंने लिखीं।

जुलाई 2025 में दिल्ली में देसाई के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए भारत और भारतीय संस्कृति से उनके गहरे जुड़ाव तथा भारत-ब्रिटेन संबंधों को मजबूत करने में उनकी भूमिका की सराहना की थी।

भाषा यासिर सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में