ब्रिटनी स्पीयर्स नशे में गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तारी के बाद रिहा
ब्रिटनी स्पीयर्स नशे में गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तारी के बाद रिहा
लॉस एंजिलिस, छह मार्च (एपी) मशहूर अमेरिकी गायिका ब्रिटनी स्पीयर्स को दक्षिणी कैलिफोर्निया स्थित उनके घर के पास शराब और नशीले पदार्थ के प्रभाव में गाड़ी चलाने के संदेह में गिरफ्तार किया गया। हालांकि, बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।
स्पीयर्स के प्रतिनिधि ने इस घटना पर खेद जताया है।
कैलिफोर्निया राजमार्ग गश्त दल (सीएचपी) के अनुसार, बुधवार रात करीब नौ बजे सूचना मिली कि कैलिफोर्निया के न्यूबरी पार्क में राजमार्ग पर काले रंग की एक बीएमडब्ल्यू 430आई कार तेज और अनियंत्रित तरीके से चलाई जा रही है।
सीएचपी के अनुसार, कार में अकेले सवार 44 वर्षीय पॉप स्टार राजमार्ग पर बाहर निकलीं और वह नशे की हालत में लग रही थीं। उनकी मौके पर कई जांच की गयीं। इसके बाद शराब और नशीले पदार्थ के प्रभाव में वाहन चलाने के संदेह में उन्हें गिरफ्तार कर वेंचुरा काउंटी जेल ले जाया गया।
उनके रासायनिक परीक्षण के परिणाम अभी लंबित हैं और मामले की जांच की जा रही है।
जेल रिकॉर्ड के अनुसार, स्पीयर्स को बृहस्पतिवार तड़के हिरासत में लिया गया और सुबह करीब छह बजे रिहा कर दिया गया।
वेंचुरा काउंटी जिला अटॉर्नी कार्यालय यह तय करेगा कि आरोप दायर किए जाएंगे या नहीं। स्पीयर्स की अदालत में पेशी की तारीख चार मई तय की गयी है।
गायिका के एक प्रतिनिधि ने एक बयान में कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है जो कि पूरी तरह अक्षम्य है। ब्रिटनी कानून का पालन करेंगी और उचित कदम उठाएंगी। उम्मीद है कि यह उनके जीवन में आवश्यक बदलाव की शुरुआत साबित होगी और इस कठिन समय में उन्हें आवश्यक सहायता और समर्थन मिलेगा।’’
ब्रिटनी स्पीयर्स 2000 के दशक की शुरुआत में सुर्खियों में आईं और उनके सार्वजनिक जीवन को लेकर काफी सवाल उठाए जाने लगे। उस समय वह मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं और पैपराज़ी उनकी निजी जिंदगी के लगभग हर पहलू को कैमरे में कैद कर रहे थे।
साल 2008 में अदालत के आदेश के बाद उन्हें संरक्षण में रखा गया जिसकी देखरेख मुख्य रूप से उनके पिता और उनके वकीलों द्वारा की जाती थी। इस व्यवस्था के तहत एक दशक से अधिक समय तक उनके व्यक्तिगत और वित्तीय फैसलों पर नियंत्रण रखा गया। अंततः 2021 में इस संरक्षण को समाप्त कर दिया गया। इसके दो साल बाद उन्होंने अपनी चर्चित आत्मकथा ‘द वुमन इन मी’ प्रकाशित की, जो सबसे अधिक बिकने वाली किताब साबित हुई।
एपी गोला सिम्मी
सिम्मी

Facebook


