ढाका, चार जून (एपी) बांग्लादेश में सुनहरे बालों वाले और 700 किलोग्राम वजनी ‘डोनाल्ड ट्रंप’ नाम के एक दुर्लभ एल्बिनो भैंसे को पिछले सप्ताह राष्ट्रीय चिड़ियाघर में लाया गया जिसके बाद से इसे देखने के लिए पूरे देश से भारी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ रही है।
यह भैंसा उस समय अचानक चर्चा में आ गया, जब एक किसान ने देखा कि उसके सिर पर मौजूद सुनहरे बालों का गुच्छा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बालों के जैसा दिखता है।
सोशल मीडिया पर हल्के रंग और सींगों वाले इस पशु का वीडियो वायरल होने के बाद ढाका के बाहरी इलाके स्थित एक तबेले में उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचने लगे।
इस भैंसे को ईद-उल-अजहा पर ‘कुर्बानी’ के लिए तैयार किया गया था, लेकिन सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सरकार के निर्देश पर इसे राजधानी स्थित राष्ट्रीय चिड़ियाघर में स्थानांतरित कर दिया गया।
इसके बाद से उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग भीषण गर्मी के बावजूद चिड़ियाघर पहुंच रहे हैं। मंगलवार को वहां आने वाले लोग भैंसे के बाड़े के पास जमा हो गए और अपने मोबाइल फोन से उसका वीडियो बनाने लगे। कुछ लोगों ने अपने छोटे बच्चों को बेहतर नज़ारा दिखाने के लिए उन्हें अपने कंधों पर भी उठा लिया।
एपी
प्रचेता गोला
गोला