(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 15 अप्रैल (भाषा) कैलिफोर्निया विधानसभा ने एक प्रस्ताव पारित कर बैसाखी को सिख-अमेरिकियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण दिनों में से एक के रूप में मान्यता दी है और राज्य के लोगों को बैसाखी के पर्व पर होने वाले कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
यह प्रस्ताव विधानसभा सदस्य जसमीत कौर बैंस द्वारा पेश किया गया, जिसे 80 सदस्यीय सदन में से 76 सदस्यों का समर्थन मिला और इसे बैसाखी की पूर्व संध्या पर सोमवार को पारित किया गया।
कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसम ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया, ‘‘कैलिफोर्निया में बैसाखी मना रहे सिख समुदायों को मेरी ओर से नववर्ष और भरपूर फसल के लिए शुभकामनाएं। बैसाखी दीयां लख-लख बधाइयां।’’
प्रस्ताव में कहा गया है कि विधानसभा 14 अप्रैल 2026 को मनाई जा रही बैसाखी को मान्यता देती है और इसे सिख इतिहास व सिख-अमेरिकियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण दिवस मानते हुए इस अवसर पर गहरा सम्मान व्यक्त करती है।
साथ ही, इसमें दुनिया भर के दक्षिण एशियाई समुदायों और प्रवासी भारतीयों के साथ इस उत्सव को मनाने वालों के प्रति सम्मान जताया गया।
अमेरिका के कई नेताओं ने भी सिख समुदाय को बधाई दी।
सीनेटर चक शूमर ने कहा कि यह दिन 1699 में खालसा पंथ की स्थापना का प्रतीक है, जो समानता, सेवा और साहस की परंपरा को दर्शाता है।
वहीं, टेक्सास से कांग्रेस सदस्य लिजी फ्लेचर और कैलिफोर्निया से सांसद ब्रैड शेरमन ने सिख समुदाय के योगदान को सराहा, जबकि मैरीलैंड से कांग्रेस सदस्य जेमी रस्किन ने इसे परिवार और मित्रों के साथ खुशियां मनाने का पर्व बताया।
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने इसे सिख और हिंदू समुदाय के सम्मान का ऐतिहासिक क्षण बताया।
भाषा गोला शोभना
शोभना