मथुरा में मुड़िया पूर्णिमा मेले की तैयारियां शुरु, डेढ़ करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आने का अनुमान

Ads

मथुरा में मुड़िया पूर्णिमा मेले की तैयारियां शुरु, डेढ़ करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आने का अनुमान

  •  
  • Publish Date - July 3, 2026 / 11:24 AM IST,
    Updated On - July 3, 2026 / 11:24 AM IST

मथुरा (उप्र), तीन जुलाई (भाषा) मथुरा जिला प्रशासन ने गोवर्धन में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले प्रसिद्ध मुड़िया पूर्णिमा मेले की तैयारियां शुरू कर दी हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस महीने के अंत में आयोजित होने वाले इस मेले में 1.5 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने सभी संबंधित विभागों को 15 जुलाई तक आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

करीब पांच सदियों से चली आ रही परंपरा के तहत आयोजित यह मेला 23 से 30 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान डेढ़ करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के गोवर्धन की ‘सप्तकोसी’ (करीब 21 किलोमीटर की) परिक्रमा लगाने का अनुमान है।

यह मेला चैतन्य महाप्रभु के अनन्य शिष्य जीव गोस्वामी के गोलोक गमन की स्मृति में आयोजित किया जाता है। गुरु पूर्णिमा पर उनके अनुयायी मुंडन कर ‘संकीर्तन’ करते हुए नगर परिक्रमा करते हैं। समय के साथ यह आयोजन विशाल धार्मिक मेले का स्वरूप ले चुका है, जिसमें देश-विदेश से श्रद्धालु शामिल होते हैं।

मेले की तैयारियों को लेकर बृहस्पतिवार को आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने संयुक्त रूप से की। उन्होंने सभी विभागों को 15 जुलाई तक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) डॉ. अमरेश कुमार ने बताया कि मेले के सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन के लिए 21 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा तथा दीवारों पर चित्रकारी की जाएगी और मार्ग पर विशेष रोशनी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र को नौ सुपर जोन, 21 जोन और 62 सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत छह स्थायी और 37 अस्थायी पुलिस चौकियां, 31 वॉच टावर, 150 अवरोधक, 183 सीसीटीवी कैमरे, 350 सार्वजनिक संबोधन प्रणाली और 1,281 एलईडी लाइट्स लगायी जाएंगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार मुड़िया पूर्णिमा मेले को प्लास्टिक मुक्त मेला बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सभी स्वास्थ्य शिविरों में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, मोटरसाइकिल एंबुलेंस और एंबुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था करने तथा सरकारी और निजी अस्पतालों की मैपिंग कराने के निर्देश दिए।

पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि मार्ग परिवर्तन योजना की अग्रिम जानकारी व्यापक रूप से प्रचारित की जाए तथा पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों और सार्वजनिक उद्धोषणा प्रणाली का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए।

भाषा सं जफर गोला

गोला