संरा मुख्यालय के सामने तिब्बती झंडा लिए एक व्यक्ति ने खुद को आग लगाई, मौत

Ads

संरा मुख्यालय के सामने तिब्बती झंडा लिए एक व्यक्ति ने खुद को आग लगाई, मौत

  •  
  • Publish Date - July 3, 2026 / 08:59 AM IST,
    Updated On - July 3, 2026 / 08:59 AM IST

न्यूयॉर्क, तीन जुलाई (एपी) न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के सामने तिब्बती झंडा लिए एक व्यक्ति ने बृहस्पतिवार को खुद को आग लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

न्यूयॉर्क पुलिस विभाग के अनुसार, शाम करीब साढ़े छह बजे सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और देखा कि 52 वर्षीय व्यक्ति बुरी तरह जली हुई अवस्था में था।

पुलिस के मुताबिक, उस व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया जहां बाद में उसे मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस आत्मदाह की घटना की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि वे इस बारे में कोई टिप्पणी नहीं कर सकते कि उस व्यक्ति ने खुद को आग क्यों लगाई।

पुलिस के अनुसार, उस व्यक्ति का नाम अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है क्योंकि उसके परिवार को अभी तक इसकी सूचना नहीं दी गई है।

संयुक्त राष्ट्र के एक प्रवक्ता ने कहा कि यह घटना दिन की सभी निर्धारित बैठकें खत्म होने के बाद हुई।

चीन का कहना है कि तिब्बत 13वीं सदी के मध्य से उसके क्षेत्र का हिस्सा रहा है और 1951 से उसकी कम्युनिस्ट पार्टी इस हिमालयी क्षेत्र पर शासन कर रही है लेकिन कई तिब्बतियों का कहना है कि वे अपने इतिहास के ज़्यादातर समय में असल में आज़ाद थे और चीनी सरकार संसाधनों से भरपूर इस इलाके का फ़ायदा उठाना चाहती है, साथ ही उनकी सांस्कृतिक पहचान को भी खत्म करना चाहती है।

चीन तिब्बत की निर्वासित सरकार को मान्यता नहीं देता और 2010 से उसने दलाई लामा के प्रतिनिधियों के साथ कोई बातचीत नहीं की है।

एपी शोभना सिम्मी

सिम्मी