ट्रंप के निर्वासन अभियान में तेजी, आईसीई ने पांच दिन में 10,000 लोगों को गिरफ्तार किया

Ads

ट्रंप के निर्वासन अभियान में तेजी, आईसीई ने पांच दिन में 10,000 लोगों को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - July 3, 2026 / 10:13 AM IST,
    Updated On - July 3, 2026 / 10:13 AM IST

वाशिंगटन, तीन जुलाई (एपी) अमेरिका के आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन (आईसीई) ने जून के अंतिम पांच दिनों में 10,000 लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

यह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बड़े पैमाने पर निर्वासन के एजेंडे को लागू करने के लिए जिम्मेदार एजेंसी के अभियान में बड़ी तेजी का संकेत है।

इस मामले की जानकारी रखने वाले अधिकारी ने अपना नाम गोपनीय रखने की शर्त पर इन आंकड़ों के बारे में बताया।

ये गिरफ्तारियां ऐसे समय हुई हैं, जब एजेंसी ने अमेरिका के बड़े शहरों में व्यापक पैमाने पर चलाए जाने वाले चर्चित गिरफ्तारी अभियानों के बजाय ट्रंप के निर्वासन लक्ष्यों को पूरा करने के लिए ऐसे तरीके अपनाने शुरू किए हैं जिन पर अधिक चर्चा नहीं हो।

आंकड़े बताते हैं कि प्रशासन ने भले ही अलग-अलग शहरों में बड़े पैमाने पर कार्रवाई बंद कर दी हो, लेकिन गिरफ्तारियां जारी हैं और उनमें तेजी आई है।

शुक्रवार से मंगलवार तक पांच दिन में हुई इन गिरफ्तारियों का औसत करीब 2,000 प्रतिदिन है। यह स्पष्ट नहीं है कि ये गिरफ्तारियां कहां की गईं।

गिरफ्तारियों में इस तेजी की खबर सबसे पहले ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने दी थी।

गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘पहले दिन से ही डीएचएस की कानून प्रवर्तन एजेंसियां राष्ट्रपति ट्रंप के उस वादे को पूरा कर रही हैं जिसमें हत्यारों, बलात्कारियों, बच्चों का यौन शोषण करने वालों, गिरोह के सदस्यों और आतंकवादियों समेत अवैध रूप से रह रहे आपराधिक प्रवासियों को गिरफ्तार कर निर्वासित करने की बात कही गई थी।’’

विभाग ने कहा, ‘‘हमारा संदेश स्पष्ट है-अगर आप अवैध रूप से हमारे देश में आते हैं तो हम आपको ढूंढेंगे, गिरफ्तार करेंगे और निर्वासित कर देंगे।’’

गिरफ्तारियों की यह खबर ऐसे समय आई है, जब आईसीई के हिरासत केंद्रों में भेजे गए लोगों की संख्या जून में बढ़कर करीब 39,000 हो गई। फरवरी से यह संख्या हर महीने करीब 30,000 बनी हुई थी।

एपी सिम्मी शोभना

शोभना