चीन की मध्यस्थता में पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच संघर्ष खत्म करने के लिए बातचीत जारी

Ads

चीन की मध्यस्थता में पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच संघर्ष खत्म करने के लिए बातचीत जारी

  •  
  • Publish Date - April 7, 2026 / 09:46 PM IST,
    Updated On - April 7, 2026 / 09:46 PM IST

(केजेएम वर्मा)

बीजिंग, सात अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जारी सैन्य संघर्ष को समाप्त करने के लिए चीन की मध्यस्थता में एक सप्ताह पहले शुरू हुई वार्ता अब भी जारी है। चीन के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने यहां आयोजित एक प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच संवाद को सुगम बनाने के लिए चीन सक्रिय रूप से मध्यस्थता का प्रयास कर रहा है। वार्ता की प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है और इसमें निरंतर प्रगति हो रही है।’’

चीन की मध्यस्थता से हो रही यह वार्ता, पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान में आतंकवादी ‘ठिकानों’ को निशाना बनाने के लिए फरवरी के अंत में चलाए गए अभियान ‘गजब-ल-हक’ के बाद पहली बड़ी राजनयिक बातचीत है।

चीन के शिनजियांग प्रांत की राजधानी उरुमकी में चल रही मौजूदा वार्ता में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के मध्य स्तरीय अधिकारी शामिल हैं।

पाकिस्तान के लिए, संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों की एक रिपोर्ट ने वार्ता को जटिल बना दिया क्योंकि रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अफगानिस्तान में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में पाकिस्तान के आरोपों में ‘‘विश्वसनीय सबूतों’’ का अभाव है।

संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों ने पिछले महीने दोनों देशों से स्थायी युद्धविराम के लिए प्रतिबद्ध होने का आग्रह किया। साथ ही यह भी कहा कि पाकिस्तान ने इस बात का कोई विश्वसनीय सबूत नहीं दिया है कि उसके क्षेत्र में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के हमले वास्तविक अफगान अधिकारियों द्वारा निर्देशित या नियंत्रित थे।

भाषा

धीरज पवनेश

पवनेश