शंघाई में भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने वसंत कार्यक्रम का आयोजन किया
शंघाई में भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने वसंत कार्यक्रम का आयोजन किया
(केजेएम वर्मा)
बीजिंग, आठ मार्च (भाषा) शंघाई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने ‘इंडियन कल्चर सेंटर’ में भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य के साथ ‘वसंत बैठक’ का आयोजन किया।
इस कार्यक्रम का आयोजन चार मार्च को किया गया, जिसमें विविध पृष्ठभूमि के 1,000 से अधिक लोग शामिल हुए।
वाणिज्य दूतावास द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उपस्थित लोगों में राजनयिक, विशिष्ट अतिथि, भारतीय समुदाय के लोग और दुनिया भर से आये भारत के मित्र शामिल थे, जिन्होंने सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सद्भाव को बढ़ावा दिया।
कार्यक्रम ने शंघाई में रहने वाले बड़ी संख्या में चीनी नागरिकों को भी आकर्षित किया जिससे यह शहर में वाणिज्य दूतावास द्वारा आयोजित अब तक का सबसे बड़ा आयोजन बन गया।
महावाणिज्यदूत प्रतीक माथुर ने इस अवसर के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, ‘‘वसंत नवजीवन, रंगों और आनंद का मौसम है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पूरे भारत में, साल का यह समय त्योहारों, संगीत, नृत्य और सामुदायिक समारोहों वाला होता है, जो नयी शुरुआत और जीवन की जीवंतता का प्रतीक है। यह कार्यक्रम सद्भाव और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति की उसी भावना को प्रदर्शित करता है।’’
विज्ञप्ति में कहा गया है कि पारंपरिक बैठक प्रारूप में प्रस्तुत किये गए इस कार्यक्रम में, कुचिपुड़ी नृत्य की भव्यता और भावपूर्ण कहानी कहने की कला का प्रदर्शन किया गया, जिसके बाद सारंगी और सितार वादन सहित भारतीय शास्त्रीय वाद्य संगीत की प्रस्तुतियां दी गईं।
भाषा सुभाष नरेश
नरेश

Facebook


