आगामी बीजीबी-बीएसएफ वार्ता में ‘सीमा पार से भेजे जाने’ का मुद्दा उठेगा: बांग्लादेश

Ads

आगामी बीजीबी-बीएसएफ वार्ता में ‘सीमा पार से भेजे जाने’ का मुद्दा उठेगा: बांग्लादेश

  •  
  • Publish Date - June 7, 2026 / 10:18 PM IST,
    Updated On - June 7, 2026 / 10:18 PM IST

ढाका, सात जून (भाषा) बांग्लादेश ने रविवार को कहा कि भारत द्वारा कथित तौर पर लोगों को बांग्लादेशी नागरिक बताकर सीमा पार भेजे जाने और सीमा पर हुई हत्याओं के मुद्दे पर दोनों देशों के सीमा सुरक्षा बलों के प्रमुखों के बीच होने वाली आगामी बैठक में चर्चा की जाएगी।

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के बीच द्विवार्षिक महानिदेशक स्तरीय सीमा समन्वय सम्मेलन का 57वां संस्करण आठ से 11 जून के बीच नयी दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।

बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने अपने कार्यालय में पत्रकारों से कहा, ‘‘सीमा पर स्थिति, द्विपक्षीय सहयोग और विशेष रूप से अवैध घुसपैठ के मुद्दे को (बीजीबी द्वारा) महत्व दिया जाएगा।’’

भारत का कहना है कि केवल अवैध घुसपैठियों को ही उचित प्रक्रियाओं का पालन करते हुए बांग्लादेश में वापस भेजा जाता है।

यह सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है जब बीजीबी ने हाल के हफ्तों में ‘‘अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने वाले बांग्लादेशियों को वापस भेजने’’ के प्रयासों को रोकने के लिए भारत के साथ अपनी सीमाओं पर सतर्कता बढ़ा दी है। बांग्लादेश ने इस कदम को ‘‘अवैध घुसपैठ’’ बताया है।

सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस ने अहमद के हवाले से कहा, ‘‘हमारे बीजीबी जवान सीमा पर पूरी तरह सतर्क हैं। अवैध घुसपैठ या गैरकानूनी सीमा पार करने के किसी भी प्रयास का कड़ा विरोध किया जाएगा।’’

भाषा शफीक नरेश

नरेश