भारतीय एथलेटिक्स सीरीज: हरजीत सिंह100 मीटर दौड़ में रहे अव्वल

Ads

भारतीय एथलेटिक्स सीरीज: हरजीत सिंह100 मीटर दौड़ में रहे अव्वल

  •  
  • Publish Date - June 7, 2026 / 10:11 PM IST,
    Updated On - June 7, 2026 / 10:11 PM IST

पुणे, सात जून (भाषा) भारतीय एथलेटिक्स सीरीज के आठवें चरण में रविवार को यहां वायु सेना के धावक हरजीत सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में 10.17 सेकंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया।

महाराष्ट्र के रुशीप्रसाद देसाई ने 10.35 सेकंड के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि लॉरी अनंत मेलगे 10.36 सेकंड का समय लेकर तीसरे स्थान पर रहे।

महाराष्ट्र के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन अन्य स्पर्धाओं में भी जारी रहा। अंडर-20 पुरुष 100 मीटर स्पर्धा में आदित्य पिसाल ने 10.23 सेकंड के समय के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया।

पुरुषों की 400 मीटर दौड़ में रिलायंस के यशस पी ने 46.82 सेकंड के साथ स्वर्णिम सफलता हासिल की। तुषार कांति मन्ना (47.19 सेकंड) दूसरे और शुभम डी (47.74 सेकंड) तीसरे स्थान पर रहे।

महिलाओं की 100 मीटर दौड़ में कर्नाटक की प्रकृति रूपा ने 11.65 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। उत्तर प्रदेश की निपम 11.69 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि दिल्ली की चारु शौकीन 12.06 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

महिलाओं की 400 मीटर स्पर्धा में महाराष्ट्र की ऐश्वर्या मिश्रा ने 54.22 सेकंड का समय लेकर बाजी मारी। हरियाणा की मनीषा ए 54.66 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि राजस्थान की गीता ने 54.72 सेकंड का समय दर्ज कर तीसरा स्थान हासिल किया।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता