प्रधानमंत्री रहमान के सलाहकार के साथ हुए घटनाक्रम पर दिल्ली की सफाई ‘असंतोषजनक’ :बांग्लादेश

Ads

प्रधानमंत्री रहमान के सलाहकार के साथ हुए घटनाक्रम पर दिल्ली की सफाई ‘असंतोषजनक’ :बांग्लादेश

  •  
  • Publish Date - June 25, 2026 / 08:35 AM IST,
    Updated On - June 25, 2026 / 08:35 AM IST

(अनीसुर रहमान)

ढाका, 25 जून (एपी) बांग्लादेश ने नयी दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अपने प्रधानमंत्री तारिक रहमान के सलाहकार के साथ हुए घटनाक्रम के बारे में भारत के स्पष्टीकरण को ‘‘असंतोषजनक’’ करार दिया है।

सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस की खबर में विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता के हवाले से कहा गया, ‘‘इस घटना पर भारतीय पक्ष की ओर से दी गई सफाई संतोषजनक नहीं थी।’’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सूचना और रणनीति सलाहकार जाहिद उर रहमान के साथ हुई घटना ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण और खेदजनक’’ थी।

अधिकारी के अनुसार, राजनयिक माध्यमों से भारतीय अधिकारियों को पहले ही बता दिया गया था कि प्रधानमंत्री के सलाहकार ‘इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन’ (आईओआरए) की बैठक में बांग्लादेश के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।

बीएसएस की खबर में कहा गया कि रहमान इस महीने की शुरुआत में बांग्लादेशी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे थे, लेकिन उन्हें दिल्ली हवाई अड्डे पर रोक लिया गया।

ढाका की यह प्रतिक्रिया भारतीय विदेश मंत्रालय के उस बयान के एक दिन बाद आई है जिसमें कहा गया कि रहमान को उनकी यात्रा के मकसद की पुन: पुष्टि करने के बाद भारत में प्रवेश की अनुमति दी गई थी, लेकिन उन्होंने ढाका लौटने का फैसला किया।

रहमान को एक हफ्ते से अधिक समय पहले नयी दिल्ली हवाई अड्डे पर आव्रजन अधिकारियों ने कुछ देर के लिए रोक लिया था जिसके बाद बांग्लादेश ने भारत के सामने विरोध दर्ज कराया था। दरअसल रहमान का नाम सुरक्षा से जुड़ी एक ‘ब्लैकलिस्ट’ में शामिल था।

भारत में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपनी साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में कहा, ‘‘बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के सलाहकार 14 जून को एक दक्षेस वीजा के साथ निजी पासपोर्ट पर भारत आए थे। वह ‘इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन’ के वरिष्ठ अधिकारियों की समिति की 28वीं बैठक में शामिल होने आए थे।’’

जायसवाल ने कहा कि बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के सलाहकार से दिल्ली हवाई अड्डे पर आव्रजन अधिकारियों ने पूछताछ की थी और बाद में ‘‘इस बात की पुन: पुष्टि करने के बाद उन्हें अनुमति दे दी गई कि उनकी यात्रा का उद्देश्य बहुपक्षीय बैठक में शामिल होना था।’’

जायसवाल ने कहा, ‘‘हालांकि, उन्होंने (रहमान ने) अपनी मर्जी से ढाका लौटने का फैसला किया।’’

विदेश मंत्रालय ने 15-16 जून को नयी दिल्ली में आईओआरए के वरिष्ठ अधिकारियों की समिति (सीएसओ) की 28वीं बैठक की मेजबानी की थी।

भाषा वैभव खारी

खारी