वैंकूवर, 25 जून (एपी) रुबेन वर्गास और योहान मंजांबी के गोल की मदद से स्विट्जरलैंड ने कनाडा को 2-1 से हराकर विश्व कप फुटबॉल के ग्रुप बी में पहला स्थान हासिल किया।
कनाडा इस मैच में हार के बावजूद स्विट्जरलैंड के साथ अगले दौर में पहुंचने में सफल रहा।
प्रॉमिस डेविड ने कनाडा के लिए मैच के आखिर में एक गोल किया। इससे कनाडा ने ग्रुप बी में स्विट्जरलैंड के बाद दूसरा स्थान हासिल किया। उसने पहली बार नॉकआउट राउंड में जगह बनाई।
स्विट्जरलैंड दो जुलाई को वैंकूवर में राउंड ऑफ 32 में तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम का सामना करेगा। कनाडा को ग्रुप में शीर्ष पर रहने और अगले दौर का मैच घरेलू मैदान पर खेलने के लिए जीत या ड्रॉ की जरूरत थी, लेकिन उसे अब ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम के खिलाफ रविवार को होने वाले मैच के लिए इंगलवुड, कैलिफोर्निया की यात्रा करनी होगी।
स्विट्जरलैंड ग्रुप बी में सात अंक लेकर शीर्ष पर रहा, जबकि कनाडा ने चार अंक हासिल किए। बोस्निया-हर्ज़ेगोविना ने भी चार अंक हासिल किए लेकिन वह गोल अंतर के कारण तीसरे स्थान पर रहा।
बोस्निया के खिलाफ स्विट्जरलैंड की 4-1 की जीत में स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में उतरे मंजांबी ने कनाडा के खिलाफ शुरुआती एकादश में जगह बनाई।
दूसरे हाफ के शुरू होने के लगभग 40 सेकंड बाद ही वर्गास ने स्विट्जरलैंड के लिए पहला गोल दागा। उनका शॉट कनाडा के गोलकीपर मैक्सिम क्रेपेउ को चकमा देते हुए पोस्ट से टकराया और नेट में जा गिरा।
इसके बाद 57वें मिनट में ब्रील एम्बोलो ने मंजांबी को क्रॉस दिया, जिनका शॉट क्रेपेउ के हाथों से निकलकर गोल में चला गया और स्विस टीम को 2-0 की बढ़त मिल गई।
कनाडा ने 76वें मिनट में एक गोल करके वापसी की। डेविड ने स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में मैदान पर आने के लगभग एक मिनट बाद ही वॉली शॉट से गोल दाग दिया।
स्विट्जरलैंड के कप्तान ग्रैनिट ज़ाका को पहले हाफ में एक मौका मिला। खेल के 37वें मिनट में उनकी फ्री किक नेट के ऊपर से निकल गई।
पहले हाफ के 42वें मिनट में अली अहमद ने कनाडा की ओर से गोल करने का एक बेहतरीन प्रयास किया, लेकिन स्विट्जरलैंड के गोलकीपर ग्रेगोर कोबेल ने उसे नाकाम कर दिया।
ग्रुप बी के दूसरे मैच में बोस्निया ने कतर को 3-1 से हराया और तीसरे स्थान के आधार पर अगले दौर में पहुंच सकता है। कतर टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है।
विश्व कप की शुरुआत में स्विट्जरलैंड कतर के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला। इसके बाद उसने बोस्निया को हराया। स्विट्जरलैंड ने पिछले पांच विश्व कप में हिस्सा लिया है और पिछले तीन में राउंड ऑफ 16 तक पहुंचा है।
विश्व कप में तीसरी बार हिस्सा ले रहे कनाडा ने बोस्निया के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेलकर विश्व कप की शुरुआत की थी।
एपी
पंत
पंत