लीबिया में ड्रोन हमले से तेल रिफाइनरी में भीषण आग, कार बम विस्फोट में सैन्य अधिकारी की मौत

Ads

लीबिया में ड्रोन हमले से तेल रिफाइनरी में भीषण आग, कार बम विस्फोट में सैन्य अधिकारी की मौत

  •  
  • Publish Date - August 11, 2026 / 06:25 PM IST,
    Updated On - August 11, 2026 / 06:25 PM IST

काहिरा, 11 अगस्त (एपी) पश्चिमी लीबिया में एक तेल रिफाइनरी पर ड्रोन हमले के बाद लगी भीषण आग को बुझाने के लिए मंगलवार को दमकलकर्मी लगातार प्रयास करते रहे, जबकि पूर्वी लीबिया के बेंगाजी शहर में कार बम विस्फोट में एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी की मौत हो गई।

सरकार द्वारा संचालित ‘नेशनल ऑयल कॉरपोरेशन’ के अनुसार, सोमवार को राजधानी त्रिपोली से लगभग 47 किलोमीटर पश्चिम में स्थित जाविया तेल रिफाइनरी में एक पेट्रोल भंडारण टैंक पर ड्रोन हमला हुआ। इससे टैंक में भीषण आग लग गई, जो मंगलवार दोपहर तक धधकती रही। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ।

कंपनी ने बताया कि जिस टैंक पर हमला हुआ, उसमें लगभग 45 लाख लीटर ईंधन भरा था। आग की गंभीरता को देखते हुए रिफाइनरी में आपातकाल की स्थिति घोषित कर दी गयी। आग बुझाने के दौरान एक अन्य ड्रोन पास के तेल टैंक के निकट गिरा, लेकिन इससे कोई नुकसान नहीं हुआ।

उधर, बेंगाजी में खलीफा हफ्तर के नेतृत्व वाली लीबियाई नेशनल आर्मी के सैन्य खुफिया प्रमुख मेजर जनरल फौजी अल-मंसूरी की कार से विस्फोटक वाहन टकराने के बाद हुए विस्फोट में उनकी मौत हो गयी।

किसी भी समूह ने जाविया और बेंगाजी में हुए हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है।

इन घटनाओं ने तेल समृद्ध लीबिया में सुरक्षा व्यवस्था की नाजुक स्थिति को फिर उजागर कर दिया है। वर्ष 2011 में मुअम्मर कज्जाफी के पतन के बाद से लीबिया पूर्व और पश्चिम के प्रतिद्वंद्वी प्रशासन तथा सशस्त्र गुटों के बीच विभाजित है।

एपी गोला सुरेश

सुरेश