नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) कर्ज में डूबी दूरसंचार कंपनी वोडाफोन आइडिया ने 45,000 करोड़ रुपये की पूंजीगत व्यय योजना के लिए भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की अगुवाई वाले सार्वजनिक बैंकों के समूह से कोष जुटाने की बातचीत जल्द पूरी होने की उम्मीद जताई है।
कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अभिजीत किशोर ने मंगलवार को तिमाही नतीजों पर चर्चा के दौरान कहा कि कंपनी अब तक कोष जुटाने की योजना की पहली किस्त के रूप में 6,400 करोड़ रुपये जुटा चुकी है। इसमें वॉरंट और विदेशी वाणिज्यिक उधार (ईसीबी) तथा भारतीय निजी बैंकों से जुटाए गए कर्ज से मिले 1,183 करोड़ रुपये शामिल हैं।
किशोर ने कहा, “हमें उम्मीद है कि एसबीआई की अगुवाई वाले सार्वजनिक बैंकों के साथ बातचीत पूरी होगी। हम कर्ज जुटाने के अन्य माध्यमों पर भी काम जारी रखेंगे।”
उन्होंने बताया कि कंपनी ने नेटवर्क विस्तार के लिए करीब 9,000 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर दिए हैं, जिसमें से 1,930 करोड़ रुपये अप्रैल-जून तिमाही में खर्च किए गए।
दूरसंचार कंपनी ने कहा कि वह अगली दो तिमाहियों से कम समय में इस पूरी राशि को खर्च करने और औसतन हर महीने 4जी नेटवर्क के करीब 3,500 स्थल स्थापित करने की योजना बना रही है।
रिलायंस जियो और भारती एयरटेल से बड़ी चुनौती का सामना कर रही वोडाफोन आइडिया की तीन साल में 45,000 करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय की योजना सितंबर, 2024 से शुरू हुई थी।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय