हवाई अड्डे पर ड्रोन हमले की कोशिश: जर्मन सांस्कृतिक केंद्र बंद करेगा रूस

हवाई अड्डे पर ड्रोन हमले की कोशिश: जर्मन सांस्कृतिक केंद्र बंद करेगा रूस

हवाई अड्डे पर ड्रोन हमले की कोशिश: जर्मन सांस्कृतिक केंद्र बंद करेगा रूस
Modified Date: September 3, 2026 / 04:23 pm IST
Published Date: September 3, 2026 4:23 pm IST

मॉस्को, तीन सितंबर (एपी) रूस देश भर में जर्मनी के सांस्कृतिक केंद्रों को बंद करेगा। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने बृहस्पतिवार को यह घोषणा की।

यह कदम जर्मनी द्वारा पिछले महीने लीपजिग/हाले हवाईअड्डे पर हमले के प्रयास के लिए मॉस्को को जिम्मेदार ठहराए जाने और जर्मनी के बॉन में रूसी वाणिज्य दूतावास तथा बर्लिन स्थित सांस्कृतिक केंद्र रशियन हाउस को बंद करने की घोषणा के बाद उठाया गया है।

लावरोव ने कहा कि मॉस्को, सेंट पीटर्सबर्ग और येकातेरिनबर्ग में जर्मनी के गोएथे-इंस्टीट्यूट से जुड़े सांस्कृतिक केंद्र बंद किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इसके अलावा कोई अन्य प्रतिक्रिया देना रूस के ‘‘आत्मसम्मान’’ की कमी को दर्शाता।

व्लादिवोस्तोक में ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम में लावरोव ने कहा कि जर्मनी ‘‘यह समझने में विफल नहीं हो सकता था’’ कि रशियन हाउस को बंद करने का मतलब रूस में उसकी सांस्कृतिक मौजूदगी का ‘‘अंत’’ होगा।

जर्मनी के लिपजिग/हाले हवाई अड्डे पर गत चार अगस्त को एक यूक्रेनी विमान के पास विस्फोटक से लदा एक ड्रोन पाया गया था, जिसे बाद में निष्क्रिय कर दिया गया। यह हवाई अड्डा एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मालवाहक केंद्र है, जिसका उपयोग यूक्रेन को सहायता सामग्री और आपूर्ति भेजने के लिए किया जाता है।

पश्चिमी देशों के अधिकारियों द्वारा मास्को पर लगातार यह आरोप लगाया जाता रहा है कि वह यूक्रेन को मिलने वाले समर्थन को कमजोर करने और यूरोपीय देशों में अस्थिरता पैदा करने के उद्देश्य से तोड़फोड़ और व्यवधान की गतिविधियां चला रहा है।

दूसरी ओर, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। पुतिन का कहना है कि बर्लिन (जर्मनी) अपनी प्रशासनिक विफलताओं और मतदाताओं के असंतोष से ध्यान भटकाने के लिए ऐसे दावे कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में पेश किए जा रहे सबूत पूरी तरह से ‘झूठे और साजिशन रखे गए’ हैं।

इस हमले के प्रयास के बाद यूरोपीय संघ (ईयू) ने भी इस पर प्रतिक्रिया देने की बात कही है।

यूरोपीय संघ (ईयू) के मंत्रियों ने बुधवार को इस कथित ड्रोन हमले का जवाब देने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया, लेकिन सैन्य विकल्पों का सहारा लिए बिना इस चुनौती से निपटने के नए रास्ते तलाशने में उन्हें काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा।

एपी सुमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में