इंडोनेशिया के तट पर 7.7 तीव्रता का भूकंप, इमारतें ढहीं, कम से कम पांच लोगों की मौत

Ads

इंडोनेशिया के तट पर 7.7 तीव्रता का भूकंप, इमारतें ढहीं, कम से कम पांच लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - August 15, 2026 / 10:02 AM IST,
    Updated On - August 15, 2026 / 10:02 AM IST

मौमेरे (इंडोनेशिया), 15 अगस्त (एपी) इंडोनेशिया के तट पर शनिवार तड़के 7.7 तीव्रता का भूकंप आया जिससे कई इमारतें और मकान ढह गए तथा कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई।

अधिकारियों ने सुनामी की चेतावनी जारी की थी लेकिन बाद में इसे वापस ले लिया गया।

इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी ने कहा कि समुद्र के जलस्तर की निगरानी के दौरान ऐसा कोई उल्लेखनीय बदलाव नहीं पाया गया, जिससे तटीय इलाकों के लिए खतरा पैदा हो।

अमेरिका के भूगर्भीय सर्वेक्षण ने बताया कि भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह पांच बजकर 58 मिनट पर इंडोनेशिया के फ्लोरेस क्षेत्र में 10 किलोमीटर की गहराई पर आया। इसका केंद्र पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत के एंडे शहर से 68 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पश्चिम में था। शुरुआती भूकंप के बाद कई झटके महसूस किए गए।

इंडोनेशिया की आपदा प्रबंधन एजेंसी के अनुसार, मौमेरे तलाश एवं बचाव एजेंसी की शुरुआती रिपोर्ट में कहा गया है कि भूकंप से गंभीर नुकसान हुआ और कई इमारतें ढह गईं।

उसने बताया कि कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई तथा दो अन्य लोग घायल हुए।

स्थानीय टेलीविजन पर प्रसारित फुटेज में भूकंप के बाद कई अस्पतालों से मरीजों को एहतियातन बाहर निकालते देखा गया। अस्पताल कर्मचारियों ने बिस्तर, ड्रिप स्टैंड और ऑक्सीजन सिलेंडर समेत उपकरणों को बाहर निकाला तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्थायी उपचार स्थल बनाए।

फ्लोरेस द्वीप के अधिकतर हिस्सों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए और शुरुआती खबरों में भारी नुकसान की बात सामने आई है।

पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत की सिक्का रीजेंसी की निवासी योहाना एम्बु ने बताया कि तेज झटकों से कई इमारतों को नुकसान पहुंचा।

उन्होंने कहा, ‘‘यहां कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है… मैंने देखा कि मौमेरे के बंदरगाह टर्मिनल का प्रतीक्षालय ढह गया।’’

मुख्य रूप से कैथोलिक आबादी वाले फ्लोरेस द्वीप में स्थित ‘सेंट पीटर मेजर सेमिनरी’ के प्रमुख पादरी गिडेलबर्टस टांगा ने बताया कि सुबह की प्रार्थना में शामिल छात्र उस समय घबराकर बाहर भागे, जब एक सभागार की छत ढह गई।

टांगा ने कहा, ‘‘हमारे छात्र और नन छत गिरने पर घबराकर बाहर भागे। भूकंप के दौरान एक इमारत की दूसरी मंजिल से कूदने के कारण कम से कम एक पादरी का पैर टूट गया।’’

इंडोनेशियाई अधिकारियों ने शुरुआत में पूर्वी नुसा तेंगारा, पश्चिमी नुसा तेंगारा, दक्षिण सुलावेसी और दक्षिण-पूर्व सुलावेसी प्रांतों के कुछ हिस्सों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की थी। लोगों से समुद्र तटों और नदी किनारों से दूर रहने तथा तटीय इलाकों में रहने वालों से ऊंचे स्थानों पर जाने को कहा गया था।

एपी सिम्मी रंजन

रंजन