रैपर मैकलेमोर के समर्थन में ओपनिंग कलाकारों के हटने के बाद एड शीरन का टूर संकट में

रैपर मैकलेमोर के समर्थन में ओपनिंग कलाकारों के हटने के बाद एड शीरन का टूर संकट में

रैपर मैकलेमोर के समर्थन में ओपनिंग कलाकारों के हटने के बाद एड शीरन का टूर संकट में
Modified Date: September 16, 2026 / 12:23 pm IST
Published Date: September 16, 2026 12:23 pm IST

न्यूयॉर्क, 16 सितंबर (एपी) एड शीरन के उत्तर और दक्षिण अमेरिका के टूर को उस समय झटका लगा जब रैपर मैकलेमोर के समर्थन में उनके चार सहायक कलाकारों ने दौरे से हटने की घोषणा की। मैकलेमोर को मंच से फलस्तीन समर्थक टिप्पणियां करने के बाद टूर से हटा दिया गया था।

आयरलैंड के आरोन रोवे और बीओगा, डेनमार्क के बैंड लुकास ग्राहम तथा फिनियस ने सोशल मीडिया पर टूर से हटने की घोषणा की। रोवे और लुकास ग्राहम को अमेरिका में शीरन के आगामी कार्यक्रमों में मैकलेमोर की जगह प्रस्तुति देनी थी, जबकि फिनियस इस साल बाद में दक्षिण अमेरिका में टूर में शामिल होने वाले थे।

रोवे और बीओगा ने कहा कि वे मैकलेमोर के साथ एकजुटता दिखाने के लिए टूर से हट रहे हैं। फिनियस ने भी कहा कि कलाकारों को उत्पीड़ित लोगों के समर्थन में आवाज उठाने पर चुप नहीं कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह फलस्तीन और उसके लोगों के साथ खड़े हैं।

मैकलेमोर को पांच सितंबर को न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में प्रस्तुति के दौरान ‘‘फ्री फलस्तीन’’ कहने और फलस्तीन के समर्थन में टिप्पणी करने के बाद टूर से हटाया गया था। मैकलेमोर ने कहा था कि कई अमेरिकी स्थलों ने उन्हें शीरन के कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था।

शीरन ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर कहा कि मैकलेमोर को टूर से हटाने का फैसला उनका नहीं, बल्कि दौरे के आयोजकों का था। उन्होंने कहा कि उन्होंने मामले का समाधान निकालने के लिए संबंधित स्थलों से बात करने की कोशिश की, लेकिन फैसला अंतिम था।

शीरन ने कहा कि वह अपने संगीत के जरिए अलग-अलग पृष्ठभूमि और संस्कृतियों के लोगों को एक साथ लाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि उनके कार्यक्रम संगीत और लोगों को जोड़ने के लिए हैं और वह उन्हें राजनीतिक मंच नहीं बनाना चाहते।

एपी मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में