ईयू प्रमुख उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कनाडा को समूह का पहला सहयोगी सदस्य बनाने की इच्छा जताई

Ads

ईयू प्रमुख उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कनाडा को समूह का पहला सहयोगी सदस्य बनाने की इच्छा जताई

  •  
  • Publish Date - September 16, 2026 / 04:07 PM IST,
    Updated On - September 16, 2026 / 04:07 PM IST

स्ट्रासबर्ग (फ्रांस), 16 सितंबर (एपी) यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने बुधवार को कनाडा के लिए यूरोपीय संघ (ईयू) का पहला एसोसिएट सदस्य बनने का रास्ता खोलने का प्रस्ताव रखा।

यह पहल ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शुल्कों के कारण कनाडा और यूरोप के बीच नजदीकियां बढ़ रही हैं।

उर्सुला ने यूरोपीय संघ के वार्षिक ‘स्टेट ऑफ द यूरोपियन यूनियन’ संबोधन के दौरान कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से कहा, “मैं आपके साथ मिलकर कनाडा को ईयू का पहला एसोसिएट सदस्य बनाने का रास्ता साफ करने पर काम करना चाहती हूं।”

यूरोपीय सांसदों ने कार्नी का खड़े होकर स्वागत किया।

वह बृहस्पतिवार को यूरोपीय संसद को संबोधित करने वाले हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से लगाए गए शुल्कों और कनाडा को देश का 51वां राज्य बनाने संबंधी बार-बार दिए गए बयानों के बीच ओटावा द्वारा यूरोप के साथ आर्थिक व सुरक्षा संबंधों को मजबूत करने की कोशिश किये जाने के साथ ही उर्सुला का यह बयान आया है।

कनाडा, अमेरिका के साथ अपने व्यापार पर अत्यधिक निर्भरता कम करने के लिए ईयू के साथ “विशेष गठबंधन” की बात कर चुका है।

उर्सुला ने कहा कि कनाडा और यूरोपीय संघ अपने मौजूदा मुक्त व्यापार समझौते सीईटीए के आधार पर आगे बढ़ेंगे और “भविष्य के लिए गठबंधन” के व्यापक ढांचे के तहत एक ऐसा संबंध बनाएंगे, जिसका उद्देश्य “साझा समृद्धि व आर्थिक सुरक्षा क्षेत्र” तैयार करना है।

उन्होंने कहा कि यह करीबी संबंध केवल व्यापार तक सीमित नहीं है बल्कि साझा लोकतांत्रिक मूल्यों पर भी आधारित है।

उर्सुला ने कहा, “सबसे बढ़कर मार्क, यूरोप और कनाडा लोकतंत्र में विश्वास करते हैं। हम मानते हैं कि शक्ति केवल सबसे ताकतवर, सबसे अमीर या सबसे ऊंची आवाज वाले लोगों के पास नहीं होती, बल्कि यह हम सभी की होती है। लोकतंत्रों को यह स्वतंत्रता होनी चाहिए कि वे तय कर सकें कि उन्हें किसके साथ काम करना है।”

उन्होंने कहा, “यह साझेदारी किसी और के खिलाफ नहीं, बल्कि हमारी साझा ताकत के लिए है। संक्षेप में, हम कनाडा के साथ अपने संबंधों को उच्चतम संभव स्तर तक ले जाना चाहते हैं।”

कनाडा इस साल यूरोपीय संघ के 150 अरब यूरो के एसएएफई रक्षा कार्यक्रम में शामिल होने वाला पहला गैर-यूरोपीय देश बन गया।

इससे कनाडाई कंपनियों को संयुक्त खरीद प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

कार्नी ने मंगलवार को कहा कि आर्थिक एकीकरण अब “कुछ देशों द्वारा हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।”

कनाडा ने अमेरिका के शुल्कों के जवाब में कदम उठाए हैं और ऐसे व्यापार समझौतों को खारिज किया है, जिनके बारे में कार्नी का कहना है कि वे कनाडा की संप्रभुता को कमजोर करेंगे।

एपी जितेंद्र नरेश

नरेश