यूसीसी के मुद्दे पर राजग छोड़ महागठबंधन में लौट आये जदयू: भाई वीरेंद्र

Ads

यूसीसी के मुद्दे पर राजग छोड़ महागठबंधन में लौट आये जदयू: भाई वीरेंद्र

  •  
  • Publish Date - September 16, 2026 / 04:30 PM IST,
    Updated On - September 16, 2026 / 04:30 PM IST

पटना, 16 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता और मनेर से विधायक भाई वीरेंद्र ने बुधवार को समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के मुद्दे पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से नाता तोड़कर तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार बनाने में सहयोग करने की अपील की।

भाई वीरेंद्र ने ‘पीटीआई-वीडियो’ के साथ बातचीत में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के “2028 तक राजग शासित 22 राज्यों में यूसीसी लागू करने” संबंधी बयान को ध्यान भटकाने वाली राजनीति बताया।

राजद विधायक ने कहा, “जदयू की वैचारिक जड़ें समाजवादी आंदोलन में हैं। उनके कई नेताओं के बयान बताते हैं कि पार्टी यूसीसी के विरोध में है।”

उन्होंने कहा, “इसी पृष्ठभूमि में मैं नीतीश कुमार और युवा नेता निशांत कुमार से भाजपा के साथ साझेदारी छोड़कर महागठबंधन की सरकार बनाने में सहयोग करने की अपील करता हूं। मैं स्पष्ट कर दूं कि मेरी उस पार्टी के किसी नेता से कोई बातचीत नहीं हुई है। मैंने सिद्धांतों के आधार पर यह बयान दिया है।”

पूर्व राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक और नालंदा के सांसद कौशलेन्द्र कुमार समेत जदयू के कुछ नेताओं ने कहा है कि इस मुद्दे पर पार्टी का रुख वही रहेगा जो अतीत में नीतीश कुमार ने व्यक्त किया था कि, “संसद में हम यूसीसी विधेयक का समर्थन करेंगे, लेकिन बिहार में इसके क्रियान्वयन का विरोध करेंगे।”

इस बीच, 2017 में महागठबंधन सरकार के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा विधि आयोग को लिखे गए एक कथित पत्र की भी सोशल मीडिया पर चर्चा है, जिसमें राज्यों पर यूसीसी लागू करने के लिए दबाव नहीं बनाने का आग्रह किए जाने का दावा किया गया है।

भाषा कैलाश

राजकुमार

राजकुमार