ईयू ने पहलगाम आतंकी हमले की बरसी पर भारत के साथ एकजुटता व्यक्त की

ईयू ने पहलगाम आतंकी हमले की बरसी पर भारत के साथ एकजुटता व्यक्त की

ईयू ने पहलगाम आतंकी हमले की बरसी पर भारत के साथ एकजुटता व्यक्त की
Modified Date: April 22, 2026 / 03:19 pm IST
Published Date: April 22, 2026 3:19 pm IST

(अदिति खन्ना)

लंदन, 22 अप्रैल (भाषा) यूरोपीय संघ (ईयू) ने पहलगाम में हुए ‘‘जघन्य आतंकी हमले’’ की पहली बरसी पर भारत के लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त की। पिछले साल 22 अप्रैल को इस आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी।

ईयू ने एक बयान में सभी तरह के आतंकवाद की निंदा की। इसमें कहा गया, ‘‘पहलगाम में हुए जघन्य आतंकवादी हमले की बरसी पर यूरोपीय संघ और उसके 27 सदस्य देश, एक वर्ष पूर्व मारे गए निर्दोष पीड़ितों की स्मृति में भारत के लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं।’’

ईयू ने कहा, ‘‘हम उनके परिवारों और भारतीय अधिकारियों के साथ मिलकर पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। हम सभी तरह के आतंकवाद की कड़ी निंदा दोहराते हैं, जिसे किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता।’’

नयी दिल्ली स्थित ब्रिटिश उच्चायोग ने भी सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी और आतंकवाद के सभी कृत्यों की निंदा की।

बयान में कहा गया, ‘‘पहलगाम में हुए भीषण आतंकवादी हमले को एक साल पूरा हो गया है। हम पीड़ितों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, और हमारी संवेदनाएं इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं।’’

उच्चायोग ने कहा, ‘‘ब्रिटेन सभी तरह के आतंकवाद की निंदा करता है। हम शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपने साझेदारों के साथ मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध हैं।’’

पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने पिछले साल इसी दिन जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हमला किया था, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई थी। मारे गए लोगों में से ज़्यादातर पर्यटक थे।

हमले के बाद, भारतीय सशस्त्र बलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में सैन्य और आतंकवादी ठिकानों को नष्ट कर दिया।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में