तेहरान में कुद्स दिवस प्रदर्शनस्थल पर भीषण विस्फोट

तेहरान में कुद्स दिवस प्रदर्शनस्थल पर भीषण विस्फोट

तेहरान में कुद्स दिवस प्रदर्शनस्थल पर भीषण विस्फोट
Modified Date: March 13, 2026 / 09:25 pm IST
Published Date: March 13, 2026 9:25 pm IST

दुबई, 13 मार्च (एपी) ईरान की राजधानी तेहरान में एक चौक पर शुक्रवार को भीषण विस्फोट हुआ, जहां बड़ी संख्या में लोग फलस्तीनियों के समर्थन में तथा इजराइल के खात्मे के आह्वान पर सरकार द्वारा आयोजित वार्षिक कुद्स दिवस पर इकट्ठा हुए थे।

इससे पहले इजराइल ने चेतावनी दी थी कि वह मध्य तेहरान के इस इलाके को निशाना बनाएगा।

फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

लेकिन प्रदर्शन की दिशा में आगे बढ़ने का निर्णय और इस क्षेत्र को निशाना बनाने की इजरायल की धमकी ने उन दोनों पक्षों के दृढ़ संकल्प को रेखांकित किया है जो लगभग दो सप्ताह से एक दूसरे के साथ युद्ध में उलझे हुए हैं। इस युद्ध ने वैश्विक अर्थव्यवस्था को हिला दिया है।

अमेरिकी और इजराइली युद्धक विमान ईरान में सैन्य और अन्य लक्ष्यों पर बमबारी कर रहे हैं। वहीं ईरान इजराइल और पड़ोसी खाड़ी देशों पर रोजाना मिसाइल एवं ड्रोन हमले कर रहा है तथा उसने होर्मुज जलडमरूमध्य को प्रभावी रूप से बंद कर दिया है। दुनिया के तेल व्यापार का पांचवां हिस्सा इसी क्षेत्र से गुजरता है।

ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने बृहस्पतिवार को पहली बार सार्वजनिक बयान देते हुए हमलों को जारी रखने और जलडमरूमध्य को बंद रखने का संकल्प लिया। मोजतबा खामेनेई सत्ता संभालने के बाद से सार्वजनिक रूप से नहीं देखे गए हैं, और उनका लिखित बयान सरकारी टीवी पर प्रस्तोता ने पढ़कर सुनाया।

ऊर्जा संकट की आशंकाओं और युद्ध के अंत की कोई उम्मीद न होने के कारण वैश्विक चिंताओं के बीच, अंतरराष्ट्रीय मानक वाले ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत 100 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बनी रही। ब्रेंट की कीमतें बढ़कर लगभग 120 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई हैं। 28 फरवरी को जब इज़राइल और अमेरिका ने युद्ध शुरू किया था, तब की तुलना में यह लगभग 40 प्रतिशत अधिक हैं।

इस बीच, अमेरिकी सेना ने कहा कि इराक में दुर्घटनाग्रस्त हुए अमेरिकी केसी-135 विमान के चालक दल सदस्यों में से चार मृत पाए गए और अन्य दो की तलाश जारी है।

ईरान में आज यह विस्फोट तेहरान विश्वविद्यालय से कुछ ही दूर स्थित फ़िरदौसी चौक पर हुआ। प्रदर्शनकारी इजराइल का नाश हो, अमेरिका का नाश हो’ नारे लगा रहे थे।

विस्फोट से कुछ ही समय पहले, इजराइल ने ‘एक्स’ पर फ़ारसी भाषा में संदेश लिखकर लोगों को इलाका खाली करने की चेतावनी दी थी। लेकिन कुछ ही ईरानियों ने इसे देखा होगा, क्योंकि युद्ध शुरू होने के बाद से अधिकारियों ने इंटरनेट को लगभग बंद कर दिया है।

घटनास्थल से मिले फुटेज में धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा है और लोग ‘ईश्वर महान हैं’ के नारे लगा रहे हैं।

एपी राजकुमार अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में