ईरान में सर्वोच्च नेता खामेनेई के कार्यालय के पास धमाके की खबरें

Ads

ईरान में सर्वोच्च नेता खामेनेई के कार्यालय के पास धमाके की खबरें

  •  
  • Publish Date - February 28, 2026 / 12:42 PM IST,
    Updated On - February 28, 2026 / 12:42 PM IST

दुबई, 28 फरवरी (एपी) इजराइल ने शनिवार को ईरान की राजधानी तेहरान पर हमला किया, जिसके बाद शहर के मध्य क्षेत्र से धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। ऐसा प्रतीत होता है कि यह हमला ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के कार्यालयों के पास हुआ।

सरकारी टेलीविजन ने कार्यालयों के निकटवर्ती इलाके में विस्फोट की बात स्वीकार की है।

बहरहाल, यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो सका कि 86 वर्षीय खामेनेई उस समय अपने कार्यालय में मौजूद थे या नहीं। अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच वह पिछले कई दिनों से सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दिए हैं। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका ने ईरान पर उसके परमाणु कार्यक्रम को लेकर समझौते के लिए दबाव बनाने के वास्ते क्षेत्र में लड़ाकू विमानों और युद्धपोतों का बड़ा बेड़ा तैनात किया हुआ है।

इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने इस हमले को ‘‘खतरों को समाप्त करने’’ के लिए उठाया गया कदम बताया। हालांकि, उन्होंने तुरंत इसका अधिक विवरण नहीं दिया।

तेहरान में प्रत्यक्षदर्शियों ने जोरदार विस्फोट की आवाज सुनी। बाद में ईरान के सरकारी टेलीविजन ने भी विस्फोट की खबर दी, लेकिन उसके कारण के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

इसी समय इजराइल में सायरन बजने लगे। इजराइली सेना ने कहा कि उसने ‘‘जनता को पहले से चेतावनी जारी की है ताकि इजराइल की ओर मिसाइल दागे जाने की संभावित स्थिति के लिए लोग तैयार रह सकें।’’

इजराइल द्वारा हमले की घोषणा किए जाने के बाद ईरान की राजधानी में और भी कई विस्फोट हुए। हालांकि, अधिकारियों ने इन हमलों में किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं दी है।

इस बीच, इजराइल के हमले के बाद ईरान ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया। यह चेतावनी पायलटों को उस समय जारी की गई जब तेहरान में लगातार विस्फोटों की आवाजें सुनाई दे रही थीं।

वहीं, अमेरिकी सेना ने इस हमले पर तुरंत कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।

एपी गोला संतोष

संतोष