विदेश मंत्री जयशंकर राजकीय यात्रा पर जमैका पहुंचे
विदेश मंत्री जयशंकर राजकीय यात्रा पर जमैका पहुंचे
किंगस्टन, तीन मई (भाषा) विदेश मंत्री एस जयशंकर भारत और जमैका के द्विपक्षीय संबंधों को प्रगाढ़ करने के उद्देश्य से इस कैरेबियाई देश की अपनी पहली यात्रा पर यहां पहुंचे हैं।
जयशंकर शनिवार शाम को जमैका, सूरीनाम और त्रिनिदाद और टोबैगो की अपनी नौ दिवसीय यात्रा के पहले चरण में किंग्स्टन पहुंचे। इस यात्रा का उद्देश्य कैरेबियाई देशों के साथ भारत के रणनीतिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करना है।
विदेशमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “जमैका की अपनी पहली यात्रा के लिए किंग्स्टन पहुंचकर बहुत खुशी हुई। विदेश मंत्री कामिना जे. स्मिथ द्वारा गर्मजोशी से किये गए स्वागत से अभिभूत हूं।’’
किंग्स्टन पहुंचने पर जयशंकर का स्वागत जमैका की विदेश मामलों और विदेश व्यापार मंत्री स्मिथ ने उनका स्वागत किया।
जयशंकर ने कहा, ‘‘अगले दो दिनों में जमैका के नेतृत्व, व्यापारिक समुदाय और भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों के साथ बातचीत करने के लिए उत्सुक हूं।’’
जयशंकर के किंगस्टन पहुंचने पर स्मिथ ने एक पोस्ट में कहा, ‘‘विदेश मंत्री एस जयशंकर का कैरेबियाई देशों की यात्रा के पहले पड़ाव में किंग्स्टन में स्वागत करने के लिए उत्सुक हूं। यह जमैका में किसी भारतीय विदेश मंत्री की यह पहली द्विपक्षीय यात्रा है। द्विपक्षीय, गोलार्धीय और बहुपक्षीय स्तरों पर हमारे देशों के बीच सहयोग को मजबूत करने के लिए काम जारी है।’’
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप

Facebook


