गाज़ा में चरमपंथियों, पुलिस ने दर्जनों फलस्तीनियों की हत्या की, उन्हें अपंग बनाया: संरा रिपोर्ट

Ads

गाज़ा में चरमपंथियों, पुलिस ने दर्जनों फलस्तीनियों की हत्या की, उन्हें अपंग बनाया: संरा रिपोर्ट

  •  
  • Publish Date - June 10, 2026 / 01:14 PM IST,
    Updated On - June 10, 2026 / 01:14 PM IST

रामल्ला, 10 जून (एपी) संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि इजराइल के साथ युद्ध के दौरान गाज़ा में हमास के लड़ाकों और पुलिस इकाइयों ने दर्जनों फलस्तीनियों को पीटा, उन्हें अपंग बना दिया और सरेआम उनकी हत्या कर दी। इसमें कहा गया कि यह कृत्य युद्ध अपराध की श्रेणी में आता है।

मंगलवार को जारी संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय की रिपोर्ट में युद्ध से प्रभावित इलाके में बिना कानूनी प्रक्रिया के सज़ा देने के सैकड़ों मामलों का ज़िक्र किया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, लोगों में डर पैदा करने के लिए अक्सर इन मामलों का प्रचार-प्रसार घटना के दौरान और उसके बाद किया जाता था।

इसमें कहा गया, ‘‘इन मामलों में लोगों को मार डालना, घुटनों पर गोली मारना, धातु की रॉड या सीमेंट की ईंटों से हड्डियां तोड़ना तथा बुरी तरह पीटना शामिल है। हमलावरों ने इस कृत्य को इज़राइल के साथ कथित मिलीभगत, मानवीय सहायता की लूट, चोरी, मादक पदार्थ से जुड़े अपराधों या अंदरूनी विरोधियों से जुड़ाव की सज़ा बताया।’’

आयोग ने पाया कि अगस्त 2024 से जनवरी 2026 के बीच दर्ज 249 मामलों में से लगभग एक-चौथाई मामलों- जिनमें 108 मौत भी शामिल हैं- में हमास से जुड़े चरमपंथी और पुलिस बल शामिल थे।

इसने खास तौर पर हमास से जुड़े गुटों से संबंधित मामलों की जांच की, लेकिन दूसरे हथियारबंद गुटों से जुड़े मामलों को भी इसमें शामिल किया गया।

हमास के प्रतिनिधियों ने रिपोर्ट में लगाए गए आरोपों के बारे में पूछे गए सवालों का कोई जवाब नहीं दिया।

मंगलवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, इस तरह की सजा अदालतों या न्यायाधीशों के ज़रिए नहीं, बल्कि हमास की सैन्य इकाई और पुलिस इकाइयों द्वारा दी गई।

भाषा

नेत्रपाल वैभव

वैभव