कीव, आठ जुलाई (एपी) यूक्रेन में रूस के ड्रोन और मिसाइल हमलों में बुधवार को चार लोगों की मौत हो गई।
ये हमले तड़के और दोपहर को किये गये। चार साल से अधिक समय से जारी युद्ध के दौरान रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर अपना दबाव बनाये रखा है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन ने रूस के सेराटोव और तातारस्तान क्षेत्रों में स्थित तेल रिफाइनरियों को निशाना बनाया।
जेलेंस्की ने तुर्किये में आयोजित नाटो शिखर सम्मेलन के इतर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका यूक्रेन को लाइसेंस देगा, ताकि वह रूस का मुकाबला करने के लिए पैट्रियट वायु रक्षा प्रणालियों का निर्माण कर सके।
अधिकारियों ने कहा कि कीव में मध्यरात्रि के तुरंत बाद कई विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं।
शहर प्रशासन के प्रमुख तैमूर तकाचेंको के अनुसार, रूस के हमलों में कीव में एक महिला की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए।
आपातकालीन सेवा विभाग ने कहा कि इस हमले में कई प्रशासनिक इमारतों और गोदामों के साथ-साथ एक गैरेज परिसर और कई ट्राम को नुकसान पहुंचा।
तकाचेंको ने कहा कि इसके कुछ घंटों बाद एक अन्य रूसी ड्रोन ने कीव के देसनियांस्की जिले में हमला किया, जिसमें एक और व्यक्ति की मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल हो गए। राजधानी पर हुए हमलों में कुल आठ लोग घायल हुए।
मेयर इहोर तेरेखोव के अनुसार खारकीव में रातभर हुए सिलसिलेवार हमलों में दो लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य लोग घायल हो गए।
क्षेत्रीय प्रमुख इवान फेदोरोव ने कहा कि जोपोरिझिया में मंगलवार रात रूस के हमले में एक पुरुष और एक महिला घायल हो गए।
यूक्रेन की वायुसेना ने कहा कि रूस ने 169 लंबी दूरी तक मार करने वाले स्ट्राइक ड्रोन और सात मिसाइलें दागीं, जिनमें पांच बैलिस्टिक मिसाइलें शामिल थीं। वायु रक्षा प्रणालियों ने 139 ड्रोन को मार गिराया जबकि दो मिसाइल अपने लक्ष्यों तक नहीं पहुंच पाईं।
एपी
देवेंद्र माधव
माधव