(केजेएम वर्मा)
बीजिंग, आठ जुलाई (भाषा) राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने बुधवार को चीनी वैज्ञानिकों और इंजीनियरों से उच्च स्तरीय आत्मनिर्भरता हासिल करने के लिए देश को 2035 तक विज्ञान और प्रौद्योगिकी में अग्रणी शक्ति बनाने का आह्वान किया।
चिनफिंग ने कहा कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी में उच्च-स्तरीय आत्मनिर्भरता और मजबूती हासिल करने के लिए प्रयास तेज किए जाने चाहिए और चीनी आधुनिकीकरण के लिए विज्ञान-तकनीक नवाचार का लाभ उठाना चाहिए।
राष्ट्रपति ने देश की प्रमुख वैज्ञानिक और इंजीनियरिंग संस्थाओं के प्रमुखों की एक बैठक को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हमें इस ऐतिहासिक मौके का लाभ उठाना चाहिए, समय की चुनौतियों का सामना करना चाहिए, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उच्च-स्तरीय आत्मनिर्भरता और मजबूती हासिल करने की कोशिशों को तेज करना चाहिए तथा विज्ञान एवं तकनीक में अग्रणी देश बनने के 2035 के लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ना चाहिए।’’
सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ की खबर के मुताबिक, चिनफिंग ने कहा कि 15वीं पंचवर्षीय योजना की अवधि (2026-2030) विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में देश की ताकत बढ़ाने की राह में आने वाली मुश्किल चुनौतियों से निपटने के लिए एक अहम दौर है।
भाषा शफीक प्रशांत
प्रशांत