पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में संदिग्ध आतंकवादी हमले में चार लोगों की मौत
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में संदिग्ध आतंकवादी हमले में चार लोगों की मौत
पेशावर, 26 जून (भाषा) पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बन्नू जिले में एक एम्बुलेंस से चार लोगों के शव बरामद किए गए हैं। ये शव संदिग्ध आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों के हैं, जिन पर गोलियों के निशान हैं। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार यह एम्बुलेंस चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (सीपीईसी) सर्कुलर रोड पर खड़ी मिली। अधिकारियों का अनुमान है कि हमला बृहस्पतिवार रात को किया गया।
पुलिस ने बताया कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ आतंकवाद निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए जांच जारी है।
बन्नू जिले में हाल के महीनों में सुरक्षा संबंधी घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है। व्यापक स्तर पर बढ़ी आतंकवादी हिंसा के बीच आम नागरिकों और स्थानीय सुरक्षाबलों को निशाना बनाया जा रहा है।
जिले में पुलिसकर्मियों और जिरगा (जनजातीय परिषद) के सदस्यों पर भी हमले हुए हैं। इसके बाद पुलिस और सुरक्षाबलों ने विभिन्न इलाकों में आतंकवादी नेटवर्क को ध्वस्त करने के उद्देश्य से लक्षित अभियान चलाए हैं।
पिछले सप्ताह बन्नू के वजीर उप-मंडल के अर्द्ध-कबायली पर्वतीय क्षेत्र मरका बेरा में हुए दो विस्फोटों में सात लोगों की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य घायल हुए थे।
संदिग्ध आतंकवादियों ने 13 जून को जिले के मिरयान मार्ग पर स्थित तेरी राम पुल को विस्फोटकों से उड़ाने का प्रयास किया था, जिससे पुल को आंशिक नुकसान पहुंचा था।
क्षेत्र में बढ़ती आतंकवादी घटनाओं के बीच 18 जून को जिरगा ने सरकार से तत्काल प्रभावी कदम उठाकर क्षेत्र से आतंकवाद का पूरी तरह सफाया करने की मांग की।
भाषा रवि कांत रवि कांत संतोष
संतोष

Facebook


