बाहर निकलें और मतदान करें: अमेरिका में मध्यावधि चुनावों से पहले ट्रंप ने रिपब्लिकन समर्थकों से कहा

Ads

बाहर निकलें और मतदान करें: अमेरिका में मध्यावधि चुनावों से पहले ट्रंप ने रिपब्लिकन समर्थकों से कहा

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 10:14 AM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 10:14 AM IST

डलास (अमेरिका), 11 सितंबर (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश में होने वाले मध्यावधि चुनाव के मद्देनजर रिपब्लिकन पार्टी के समर्थकों से संसद में पार्टी का बहुमत बचाने के लिए ‘‘बाहर निकलकर मतदान करने’’ की अपील की।

ट्रंप ने डलास में आयोजित पार्टी के दो दिवसीय मध्यावधि चुनाव सम्मेलन के दौरान बृहस्पतिवार को उपराष्ट्रपति जे. डी. वेंस की भी जमकर प्रशंसा की। वेंस ने सम्मेलन में मुख्य भाषण दिया। वेंस के इस भाषण पर खास नजर थी क्योंकि इसे ट्रंप के बाद पार्टी में उनकी संभावित भूमिका के संकेत के रूप में देखा जा रहा था। वेंस ने अभी यह नहीं कहा है कि वह राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ेंगे या नहीं और ट्रंप ने भी अब तक किसी को अपना संभावित उत्तराधिकारी नहीं बताया है। वेंस के हालांकि मंच पर पहुंचते ही भीड़ ने ‘‘जेडी! जेडी!’’ के नारे लगाए।

ट्रंप ने इस उम्मीद से सम्मेलन का आयोजन किया कि उन समर्थकों में उत्साह पैदा किया जा सके जो उनके लिए तो बड़ी संख्या में मतदान करते हैं, लेकिन अन्य उम्मीदवारों के लिए मतदान करने उतनी संख्या में नहीं निकलते।

ट्रंप ने भीड़ से कहा, ‘‘आपको मेरे लिए अब तक का सबसे बड़ा काम करना होगा। आपको मेरे लिए यह करना होगा।’’

ट्रंप ने लोगों से उनके साथ यह शपथ दोहराने को कहा कि वे तीन नवंबर को मतदान करेंगे।

वेंस ने डेमोक्रेटिक पार्टी की तीखी आलोचना करते हुए उसे ‘‘नफरत की पार्टी’’ बताया। उन्होंने ईरान के साथ युद्ध और अन्य मुद्दों को लेकर रिपब्लिकन पार्टी के भीतर मतभेद होने के बावजूद मध्यावधि चुनाव के लिए पार्टी से एकजुट रहने का आग्रह किया।

वेंस ने कहा, ‘‘सिर्फ इसलिए देश को सिरफिरे लोगों के एक समूह के हाथों में मत सौंप दीजिए कि किसी एक-दो नीतिगत मुद्दे पर आपकी हमसे असहमति है।’’

रिपब्लिकन पार्टी को इस बार मध्यावधि चुनाव में बड़ा झटका लगने की आशंका है। पार्टी अर्थव्यवस्था एवं ईरान के साथ युद्ध को लेकर मतदाताओं की चिंताओं से निपटने की कोशिश कर रही है।

‘अमेरिकन एयरलाइंस सेंटर’ में आयोजित सम्मेलन में कई रिपब्लिकन नेता शामिल नहीं हुए, लेकिन कुछ नेताओं का अब भी मानना है कि राष्ट्रपति की कम लोकप्रियता के बावजूद ट्रंप के साथ खड़े रहना ही चुनाव जीतने का उनका सबसे बेहतर मौका है।

राष्ट्रपति ट्रंप ने बुधवार को वादा किया कि यदि रिपब्लिकन पार्टी मध्यावधि चुनाव में जीत हासिल कर संसद के दोनों सदनों में नियंत्रण बरकरार रखती है तो प्रत्येक अमेरिकी वयस्क को 5,000 अमेरिकी डॉलर भेजे जाएंगे।

एपी सिम्मी वैभव

वैभव