‘वैश्विक शक्ति’ भारत इस क्षेत्र में और इसके आसपास के गठबंधनों का हिस्सा होगा : नेतन्याहू

Ads

‘वैश्विक शक्ति’ भारत इस क्षेत्र में और इसके आसपास के गठबंधनों का हिस्सा होगा : नेतन्याहू

  •  
  • Publish Date - February 22, 2026 / 09:55 PM IST,
    Updated On - February 22, 2026 / 09:55 PM IST

(हरिंदर मिश्रा)

यरूशलम, 22 फरवरी (भाषा) भारत को एक ‘‘वैश्विक शक्ति’’ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपना मित्र बताते हुए, इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को पश्चिम एशिया और इसके आसपास के क्षेत्रों में एक ‘‘षट्भुज’’ गठबंधन की अपनी परिकल्पना के बारे में बात की, जिसमें भारत भी शामिल होगा।

नेतन्याहू ने साप्ताहिक कैबिनेट बैठक की शुरुआत में कहा, ‘‘हाल के वर्षों में इजराइल और ‘वैश्विक शक्ति’ भारत के बीच, तथा मेरे और प्रधानमंत्री मोदी के बीच बने विशेष संबंधों को इस सप्ताह अभिव्यक्त किया जाएगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम व्यक्तिगत मित्र हैं; हम अक्सर फोन पर बात करते हैं और एक-दूसरे से मिलते हैं। मैं भारत जा चुका हूं और मोदी भी यहां आ चुके हैं।’’

वर्ष 2017 में दोनों नेताओं की समुद्र किनारे चहलकदमी करते हुए वायरल हुई तस्वीरों का जिक्र करते हुए इजराइली प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हमने एक साथ सैर की थी, और तब से भूमध्यसागर, गंगा और जॉर्डन में काफी पानी बह चुका है।’’

मोदी 25 से 26 फरवरी तक दो दिवसीय इजराइल यात्रा पर रहेंगे। जुलाई 2017 की यात्रा के बाद यह प्रधानमंत्री मोदी की दूसरी इजराइल यात्रा है। जुलाई 2017 में मोदी की यात्रा किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की इजराइल की पहली यात्रा थी।

इजराइली नेता ने जोर देकर कहा, ‘‘किसी भी स्थिति में, एक बात तो तय है – इस रिश्ते का ताना-बाना और मजबूत हो गया है, और वह (मोदी) यहां इसलिए आ रहे हैं ताकि हम अपनी सरकारों और देशों के बीच सहयोग को मजबूत करने से संबंधित कई फैसलों के माध्यम से इसे और भी मजबूत कर सकें।’’

उन्होंने कहा कि इसमें आर्थिक, राजनयिक और सुरक्षा सहयोग शामिल है।

अपनी कूटनीतिक दृष्टि पर प्रकाश डालते हुए नेतन्याहू ने कहा, ‘‘हम पश्चिम एशिया के आसपास या भीतर गठबंधनों की एक पूरी प्रणाली, मूल रूप से एक ‘षट्भुज’ का निर्माण करेंगे।’’

भाषा शफीक नेत्रपाल

नेत्रपाल