सिंगापुर, 22 जून (भाषा) सिंगापुर में भारत और बांग्लादेश मूल के 100 से अधिक प्रवासी श्रमिकों ने कथित रूप से वेतन नहीं मिलने की शिकायत लेकर सोमवार को श्रम मंत्रालय (एमओएम) का दरवाजा खटखटाया। एक मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।
‘द स्ट्रेट्स टाइम्स’ की खबर के अनुसार, एयर-कंडीशनर रखरखाव की सेवाएं प्रदान करने वाली कंपनी ‘केपीए इंजीनियरिंग’ के कई कर्मचारियों ने दावा किया कि उन्हें पिछले दो महीनों से वेतन नहीं मिला है और कंपनी का कामकाज भी बंद हो गया है।
भारतीय मूल के श्रमिक संपत ने बताया कि कंपनी और उसके अधिकारियों के समक्ष कई बार मुद्दा उठाने के बावजूद कर्मचारियों को दो महीने से वेतन नहीं मिला है।
संपत के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया, ‘‘हमें पता चला है कि कंपनी ने अपना कारोबार बंद कर दिया है। काफी समय से वेतन नहीं मिलने के कारण हम चिंतित हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमें समझ नहीं आ रहा था कि मदद के लिए किसके पास जाएं।’’
केपीए इंजीनियरिंग के कर्मचारियों के रूप में पहचान स्थापित होने के बाद इन प्रवासी श्रमिकों ने श्रम मंत्रालय के अधिकारियों से मुलाकात की।
रिपोर्ट के अनुसार, केपीए इंजीनियरिंग में एयर-कंडीशनिंग और मैकेनिकल वेंटिलेशन तकनीशियन के रूप में कार्यरत 36 वर्षीय राजेंद्रन बर्थाप ने कहा कि उन्होंने मंत्रालय के अधिकारियों को अपनी वेतन संबंधी समस्या बताई है और अधिकारियों ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।
श्रम मंत्रालय ने कहा कि यदि जांच में कंपनियां श्रम कानूनों के उल्लंघन की दोषी पाई जाती हैं, तो उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
‘चैनल न्यूज एशिया’ के अनुसार विवाद प्रबंधन के लिए त्रिपक्षीय गठबंधन (टीएडीएम) की महाप्रबंधक एनजी हुई मिन ने कहा, ‘‘यदि कंपनियों द्वारा किसी भी रोजगार कानून का उल्लंघन पाया जाता है, तो एमओएम उनके खिलाफ आवश्यक और उचित प्रवर्तन कार्रवाई करेगा।’’
उन्होंने कहा कि टीएडीएम और श्रम मंत्रालय श्रमिकों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रहे हैं, जिसमें उनके नियोक्ताओं से संपर्क करना भी शामिल है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल प्राथमिकता प्रवासी श्रमिकों को सहायता प्रदान करना है, ताकि उन्हें उपयुक्त आवास और भोजन उपलब्ध हो सके।
व्यावसायिक अभिलेखों के अनुसार, केपीए इंजीनियरिंग के दो निदेशक हैं और दोनों विदेशी नागरिक हैं, जिनके पंजीकृत पते सिंगापुर के आवासीय क्षेत्र हिलव्यू में दर्ज हैं।
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश
नरेश