बांग्लादेश में हिंदू चाय बागान मजूदर की हत्या

बांग्लादेश में हिंदू चाय बागान मजूदर की हत्या

बांग्लादेश में हिंदू चाय बागान मजूदर की हत्या
Modified Date: February 12, 2026 / 04:47 pm IST
Published Date: February 12, 2026 4:47 pm IST

ढाका, 12 फरवरी (भाषा) पूर्वोत्तर बांग्लादेश के मौलवीबाजार इलाके में एक युवा हिंदू चाय बागान मजदूर का खून से लथपथ शव मिला है और उसके हाथ-पैर रस्सियों से बंधे हुए थे। स्थानीय मीडिया ने बृहस्पतिवार को यह खबर दी।

बांग्लादेश में 13वें संसदीय चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को मतदान से पहले, यह लगातार दूसरे दिन किसी हिंदू व्यक्ति की हत्या किए जाने का मामला है।

पुलिस ने बुधवार को ढाका से लगभग 200 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित मौलवीबाजार के कमलगांज उपजिले के एक चाय बागान से 28 वर्षीय रतन शुवो कार का शव बरामद किया।

‘ द डेली स्टार’ ने कमलगांज पुलिस थाने के प्रभारी अब्दुल अवाल के हवाले से खबर दी कि मृतक रतन शुवो कार इस्लामपुर यूनियन के अंतर्गत चंपारा चाय बागान में बतौर मजदूर काम करता था।

खबर के मुताबिक स्थानीय लोगों ने बुधवार पूर्वाह्न करीब 10:00 बजे बागान में शव को देखा और अधिकारियों को सूचना दी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक शव पर चोट के स्पष्ट निशान थे और वह खून से लथपथ था।

रतन के बड़े भाई लक्ष्मण कार ने बताया कि परिवार मंगलवार रात से ही उसकी तलाश कर रहा था। उन्होंने बताया, ‘‘बुधवार सुबह हमें सूचना मिली कि उसका शव बागान में पड़ा है। हम वहां गए और उसकी पहचान की। हमें नहीं पता कि उसकी हत्या क्यों की गई।’’

थानाधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मौलवीबाजार सदर अस्पताल भेजा गया है और हत्या में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

‘द डेली स्टार’ के अनुसार, कुछ स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि हत्या बृहस्पतिवार के मतदान से जुड़ी हो सकती है। हालांकि, इस संबंध में कोई सबूत नहीं मिला।

दिसंबर में कट्टरपंथी युवा नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद से बांग्लादेश में हिंदू आबादी को कई हमलों का सामना करना पड़ा है। इनमें से कुछ हमले जानलेवा साबित हुए हैं।

मेमनसिंह जिले के त्रिशाल उपजिले के बोगर बाजार चौराहे पर सोमवार को 62 वर्षीय हिंदू व्यापारी सुसेन चंद्र सरकार की उनकी दुकान के भीतर ही कुछ अज्ञात लोगों ने निर्मम तरीके से हत्या कर दी थी।

पुलिस ने बताया कि ‘भाई भाई एंटरप्राइज’ के मालिक सरकार साउथकंडा गांव के निवासी थे। उसके मुताबिक हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला किया और शव को दुकान में छोड़कर बाहर से शटर बंद कर दिया था।

स्वतंत्र निगरानी समूह ‘साउथ एशिया फोरम फॉर फ्रीडम ऑफ रिलीजन बीलीफ’ ने मंगलवार को एक बयान में बताया कि गत 45 दिनों में हिंदू अल्पसंख्यक व्यक्तियों की कम से कम 15 लक्षित हत्याएं हुई हैं।

भाषा धीरज नरेश

नरेश


लेखक के बारे में