सिंगापुर में हिंदुओं ने थाईपुसम उत्सव मनाया, संस्कृति मंत्री भी हुए शामिल
सिंगापुर में हिंदुओं ने थाईपुसम उत्सव मनाया, संस्कृति मंत्री भी हुए शामिल
(गुरदीप सिंह)
सिंगापुर, एक फरवरी (भाषा) सिंगापुर के संस्कृति मंत्री दिनेश वासु दास ने यहां श्रद्धालुओं के साथ एक धार्मिक उत्सव में भाग लिया। यहां भारतीय मंदिरों का प्रबंधन करने वाली एक सरकारी एजेंसी ने यह जानकारी दी।
मंत्री ने रविवार को थाईपुसम उत्सव में भाग लिया।
उत्सव के तहत श्री श्रीनिवास पेरुमल मंदिर से श्री थेंदायतुपानी मंदिर तक शोभायात्रा निकाली गई और इस दौरान श्रद्धालुओं ने 3.2 किलोमीटर तक यात्रा की। श्रद्धालु अपने साथ पालकुडम (दूध के पात्र) लिए हुए थे।
हिंदू एंडोमेंट्स बोर्ड (एचईबी) ने बताया कि शोभायात्रा शनिवार देर रात शुरू हुई और रविवार तक जारी रही। इसने बताया कि शोभायात्रा में शामिल होने वालों में सिंगापुर के संस्कृति, समुदाय और युवा एवं श्रमशक्ति मंत्री दिनेश वासु दास और उनकी पत्नी डॉ. रथीगा वेलाइथन भी थीं।
मंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ धार्मिक यात्रा में शामिल होने से ‘‘मुझे उनके अनुभव के बारे में जानने को मिला।’’ उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि इस साल भागीदारी में लगभग 20 से 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
थाईपुसम उत्सव के हिस्से के रूप में, 19,000 से अधिक श्रद्धालु भगवान मुरुगन को अर्पित करने के लिए अपने सिर पर पालकुडम रखकर शोभायात्रा में शामिल हुए।
थाईपुसम हर साल जनवरी-फरवरी में आयोजित किया जाता है।
भाषा सुभाष नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


