इडाहो: फास्ट फूड रेस्तरां में गोलीबारी में तीन लोगों की मौत, सात घायल

इडाहो: फास्ट फूड रेस्तरां में गोलीबारी में तीन लोगों की मौत, सात घायल

इडाहो: फास्ट फूड रेस्तरां में गोलीबारी में तीन लोगों की मौत, सात घायल
Modified Date: August 2, 2026 / 12:54 pm IST
Published Date: August 2, 2026 12:54 pm IST

बोइस (अमेरिका), दो अगस्त (एपी) अमेरिका के इडाहो राज्य में स्थित ‘ट्विन फॉल्स’ शहर में ‘इन-एन-आउट बर्गर’ रेस्तरां में शनिवार दोपहर हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि सात अन्य घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। ट्विन फॉल्स शहर के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।

ट्विन फॉल्स शहर के जनसंपर्क अधिकारी जोश पामर ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को रेस्तरां के पास संदिग्ध हमलावर का शव मिला। हालांकि, उन्होंने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मृतकों की संख्या में हमलावर भी शामिल है या नहीं।

पामर ने बताया कि अधिकारियों द्वारा अभी मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दी जा रही है, इसलिए फिलहाल उनकी पहचान, उम्र या अन्य जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

उन्होंने कहा कि घायलों में कुछ की हालत गंभीर है। इससे पहले ट्विन फॉल्स के पुलिस प्रमुख मैथ्यू हिक्स ने संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि पुलिस अब भी हमलावर की पहचान और हमले के मकसद का पता लगाने में जुटी है।

हिक्स ने कहा, ‘‘हमें लगता है कि अब लोगों के लिए कोई खतरा नहीं है। घटनास्थल पर बेहद अफरा-तफरी का माहौल था।’’

पामर ने बताया कि जांचकर्ता अब भी प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रहे हैं। यह रेस्तरां एक व्यस्त शॉपिंग प्लाजा में स्थित है और घटना के समय दोपहर करीब दो बजे वहां सैकड़ों लोग मौजूद थे।

प्रत्यक्षदर्शी लेन कोहन (34) ने बताया कि वह ‘इन-एन-आउट’ रेस्तरां के पास लाल बत्ती पर रुके हुए थे, तभी उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति ‘एआर’ शैली की राइफल लेकर निकला। उसी दौरान एक अन्य व्यक्ति ने पिस्तौल से हमलावर पर गोली चलानी शुरू कर दी।

कोहन ने बताया कि उन्होंने रेस्तरां की वर्दी पहने एक कर्मचारी को अपनी सहकर्मी को पार्किंग क्षेत्र में घसीटते हुए देखा, जिसे सीने में गोली लगी थी। वह कर्मचारी, कोहन और एक पिस्तौलधारी व्यक्ति उसके साथ तब तक रहे, जब तक चिकित्साकर्मी वहां नहीं पहुंच गए।

उन्होंने कहा, ‘‘उसकी हालत बहुत गंभीर थी। मुझे नहीं पता कि वह बची या नहीं, लेकिन मैं उम्मीद करता हूं कि वह सुरक्षित हो।’’

कोहन ने बताया कि पुलिस ने उन्हें वहां से निकल जाने को कहा, क्योंकि उस समय तक गोलीबारी जारी थी। उनके अनुसार हमलावर ने कम से कम तीन या चार गोलियां चलाईं हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि उसका निशाना कोई विशेष व्यक्ति था या नहीं।

सड़क के दूसरी ओर से एक चालक द्वारा बनाए गए वीडियो में एक व्यक्ति काले कपड़े पहने, लंबी राइफल लिए एक सफेद कार के पास जाता दिखाई देता है। उसने चालक की ओर का दरवाजा खोला और कार का पिछला हिस्सा खोला। इसके बाद वह पीछे जाकर उसमें कुछ तलाशने लगा। वीडियो बना रहे चालक ने यह सोचकर तुरंत वहां से गाड़ी भगा ली कि कहीं वह और हथियार न निकाल ले।

ट्विन फॉल्स की निवासी 43 वर्षीय हेली डोडारो ने बताया कि वह शनिवार दोपहर अपनी मां के साथ दोपहर का भोजन करने रेस्तरां ‘इन-एन-आउट’ गई थीं। कतार में इंतजार करते समय उन्होंने लोगों को सड़क पार भागते और रेस्तरां के कर्मचारियों को बाहर निकलते देखा। पहले उन्हें लगा कि शायद आग लग गई है, लेकिन यातायात नियंत्रित कर रहे एक व्यक्ति ने बताया कि वहां गोलीबारी हुई है।

डोडारो ने ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ को भेजे संदेश में कहा, ‘‘तभी हमें पता चला कि गोलीबारी हुई है। लोग रोते और चीखते हुए बाहर भाग रहे थे। यह बहुत डरावना था।’’

पुलिस ने बताया कि कई घायलों को ‘सेंट ल्यूक्स मैजिक वैली मेडिकल सेंटर’ में भर्ती कराया गया।

अस्पताल की प्रवक्ता टेलर मार्शनर ने एक बयान में कहा,‘‘स्थिति से निपटने के लिए कानून प्रवर्तन एजेंसियों और आपातकालीन सेवा कर्मियों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है।’’

ट्विन फॉल्स शहर की आबादी करीब 56,000 है और यह बोइस से लगभग 205 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और नेवादा सीमा से लगभग 120 किलोमीटर उत्तर में स्थित है।

एपी शोभना रंजन

रंजन


लेखक के बारे में