भारत और फिलीपीन ने आवागमन, आव्रजन के मुद्दे पर सहयोग को लेकर चर्चा की
भारत और फिलीपीन ने आवागमन, आव्रजन के मुद्दे पर सहयोग को लेकर चर्चा की
(योषिता सिंह)
न्यूयॉर्क, पांच मई (भाषा) भारत और फिलीपीन ने न्यूयॉर्क में आयोजित एक बैठक से इतर आवागमन और आव्रजन के साझा मुद्दों पर सहयोग के बारे में चर्चा की।
विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने सोमवार को फिलीपीन के प्रवासी कामगार विभाग के मंत्री हंस लियो कैकडैक से मुलाकात की।
सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “फिलीपीन के प्रवासी कामगार विभाग के मंत्री हंस लियो कैकडैक से मिलकर खुशी हुई। आवागमन और आव्रजन के साझा मुद्दों पर सहयोग के बारे में चर्चा की।”
सिंह चार से आठ मई तक संयुक्त राष्ट्र महासभा के तहत आयोजित किए जा रहे अंतरराष्ट्रीय आव्रजन समीक्षा फोरम (आईएमआरएफ) के दूसरे सत्र में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।
भारत दुनिया में प्रवासी कामगारों के सबसे बड़े स्रोतों में से एक है, इसलिए इस तरह की चर्चाएं श्रम आवागमन और विदेश में रोजगार के लिए महत्वपूर्ण हैं।
विदेश मंत्रालय ने पिछले हफ्ते एक बयान में कहा था कि सिंह आईएमआरएफ के पूर्ण सत्र में भारत का “राष्ट्रीय वक्तव्य” देंगे।
भारत आव्रजन प्रशासन में डिजिटल नवाचारों के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों को रेखांकित करने के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन और मेजबानी भी करेगा।
आईएमआरएफ एक अंतर-सरकारी मंच है, जो आव्रजन पर संयुक्त राष्ट्र के समझौते की प्रगति की समीक्षा करता है। आमतौर पर इसका समापन प्रगति घोषणापत्र के अनुमोदन के साथ होता है। पहला आईएमआरएफ 2022 में आयोजित किया गया था।
भाषा पारुल अविनाश
अविनाश

Facebook


