पोप ने ट्रंप के प्रतिबंधों के मद्देनजर मीडिया के महत्व पर जोर दिया

पोप ने ट्रंप के प्रतिबंधों के मद्देनजर मीडिया के महत्व पर जोर दिया

पोप ने ट्रंप के प्रतिबंधों के मद्देनजर मीडिया के महत्व पर जोर दिया
Modified Date: September 25, 2026 / 04:48 pm IST
Published Date: September 25, 2026 4:48 pm IST

पैपल प्लेन से, 25 सितंबर (एपी) पोप लियो चौदहवें ने शुक्रवार को मीडिया को अपने कार्यक्रम की कवरेज के लिए आमंत्रित करते हुए सार्वजनिक हस्तियों की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों के महत्व को रेखांकित किया।

उन्होंने यह टिप्पणी अमेरिकी मीडिया को व्हाइट हाउस में प्रतिबंधित करने के ट्रंप प्रशासन के प्रयास के बारे में पूछे जाने पर की।

पोप फ्रांस की चार दिवसीय यात्रा के लिए रवाना होते समय पत्रकारों से बात कर रहे थे। जब सीएनएन के एक संवाददाता ने उनसे ट्रंप प्रशासन द्वारा सीएनएन और अन्य मीडिया प्रतिष्ठानों को प्रतिबंधित किए जाने के प्रयास पर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि उनके विमान में मीडिया का स्वागत है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे बेहद खुशी है, यहां आप सभी का स्वागत है।’’

पोप ने कहा कि अच्छी मीडिया कवरेज जरूरी है, और यह भी उतना ही जरूरी है कि यह बिना किसी भेदभाव के सभी के लिए समान रूप से उपलब्ध हो।

अमेरिका के एक न्यायाधीश ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रयास को विफल करते हुए बृहस्पतिवार को सीएनएन, एमएस नाउ और पोलिटिको को व्हाइट हाउस में दोबारा कवरेज शुरू करने की अनुमति दे दी। हालांकि, ट्रंप और मीडिया प्रतिष्ठानों के बीच गतिरोध जारी रहा।

ऐसे दिन जब चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग वाशिंगटन की यात्रा पर थे और राजकीय भोज में शामिल हो रहे थे, किसी भी बड़े अमेरिकी नेटवर्क ने इसका सीधा प्रसारण नहीं किया। इसके साथ ही, सीएनएन और एमएस नाउ दोनों ने कहा कि उनके पत्रकारों को शी चिनफिंग के राजकीय भोज में पहुंचने की कवरेज करने से रोक दिया गया।

पोप लियो लंबे समय से स्वतंत्र और निष्पक्ष प्रेस की आवश्यकता पर जोर देते रहे हैं। इस बात को उन्होंने पोप के रूप में अपने शुरुआती संबोधनों में से एक में रेखांकित भी किया था।

उन्होंने अपनी पिछली अंतरराष्ट्रीय यात्रा के दौरान पत्रकारों से बातचीत न कर पाने के लिए खेद भी जताया। तब स्पेन के कैनरी द्वीप समूह में उनका ‘इबेरिया चार्टर’ विमान खराब हो गया था और वह पारंपरिक रूप से उड़ान में होने वाली प्रेसवार्ता छोड़कर एक निजी विमान से अकेले ही रोम लौट गए थे।

पोप ने कहा, ‘‘मैं विशेष रूप से आप में से उन लोगों का उल्लेख करना चाहूँगा जो स्पेन से रोम लौटते समय मेरे साथ यात्रा कर रहे थे। मैं उस घटना के लिए व्यक्तिगत रूप से माफी मांगना चाहता हूँ, जिससे मेरा कोई लेना-देना नहीं था, लेकिन मुझे पता है कि इसकी वजह से आप में से कई लोग इस बात से अप्रसन्न थे कि हम सब एक साथ उड़ान भरकर रोम वापस नहीं आ सके।’’

एपी नेत्रपाल नरेश

नरेश


लेखक के बारे में