नेपाल में बाढ़ के बाद राहत और पुनर्निर्माण कार्य में बारिश की वजह से नयी चुनौती उत्पन्न
नेपाल में बाढ़ के बाद राहत और पुनर्निर्माण कार्य में बारिश की वजह से नयी चुनौती उत्पन्न
काठमांडू, 25 सितंबर (भाषा) नेपाल में 26 अगस्त को भोटेकोशी में अचानक आई भीषण बाढ़ से तबाह हुए क्षेत्रों में राहत और पुनर्निर्माण कार्य के लिए भारी बारिश ने नयी चुनौती खड़ी कर दी है। अधिकारियों ने भूस्खलन, बाढ़ और मलबे के बहाव के नए खतरों की चेतावनी दी है।
देश के जल विज्ञान और मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार से रविवार तक देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया है, साथ ही गंडकी और लुंबिनी प्रांतों के कुछ हिस्सों में अत्यधिक बारिश होने की संभावना है।
राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण, मौसम और बाढ़ का पूर्वानुमान लगाने वाली संस्थाओं के साथ मिलकर नदियों के जलस्तर और आपदा के खतरों पर नज़र रख रहा है।
छब्बीस अगस्त को अचानक आई बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल के कस्बों और गांवों को तबाह कर दिया। हिमालयी सीमावर्ती इलाके से दक्षिण की ओर बहने वाली भोटेकोशी नदी बाढ़ का पानी अपने साथ नीचे की ओर ले गई, जिससे घर, गाड़ियाँ, सड़कें और पुल बह गए तथा पनबिजली परियोजनाओं को भारी नुकसान पहुँचा।
इस आपदा में 1,450 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई, तथा लगभग 5,600 लोग अब भी लापता हैं।
वर्तमान में हो रही बारिश 26 अगस्त को आई बाढ़ जैसी नहीं है, लेकिन अधिकारियों और मौसम विशेषज्ञों ने नए खतरों की चेतावनी दी है, जिनमें भूस्खलन, बाढ़, मलबे का बहाव एवं सड़कों तथा अन्य बुनियादी ढांचे को और नुकसान पहुंचना शामिल है।
हाल में हुई बारिश के कारण कम से कम दो ऐसे ज़िलों में फिर से भूस्खलन हुआ है, जो अगस्त में आई आपदा से बुरी तरह प्रभावित हुए थे।
पुलिस के अनुसार, धाडिंग में पृथ्वी राजगमार्ग पर सात जगहों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे कृष्णभीर तिाा टिग्रांग खोला के पास सड़क पूरी तरह से बंद हो गई है।
‘द काठमांडू पोस्ट’ की खबर के अनुसार, पड़ोसी चितवन में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन और आगे भी ऐसी घटनाएं होने के खतरे को देखते हुए पृथ्वी राजमार्ग और नारायणगढ़-मुगलिन मार्ग को भी बंद कर दिया गया है।
मौसम की ताज़ा स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने कुछ प्रमुख राजमार्गों पर यात्रा पर पाबंदियां लगा दी हैं और अन्य एहतियाती कदम उठाए हैं।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने लोगों से भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और नदियों व नालों के पास के जोखिम वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है।
भाषा नेत्रपाल रंजन
रंजन
रंजन

Facebook


