राष्ट्रपति शी एक लाख अमेरिकी युवाओं को आदान-प्रदान कार्यक्रमों व अध्ययन के लिए चीन आमंत्रित करेंगे

राष्ट्रपति शी एक लाख अमेरिकी युवाओं को आदान-प्रदान कार्यक्रमों व अध्ययन के लिए चीन आमंत्रित करेंगे

राष्ट्रपति शी एक लाख अमेरिकी युवाओं को आदान-प्रदान कार्यक्रमों व अध्ययन के लिए चीन आमंत्रित करेंगे
Modified Date: September 25, 2026 / 04:34 pm IST
Published Date: September 25, 2026 4:34 pm IST

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, 25 सितंबर (भाषा) चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने कहा है कि अगले पांच वर्षों में एक लाख अमेरिकी युवाओं को आदान-प्रदान कार्यक्रमों और अध्ययन के लिए चीन आने का आमंत्रण दिया जाएगा।

शी ने बृहस्पतिवार को व्हाइट हाउस में यह घोषणा की। यह घोषणा वर्ष 2023 में की गई इसी तरह की घोषणा की पृष्ठभूमि में हुई है, जिसके तहत पांच साल की अवधि में 50,000 युवा अमेरिकियों को आदान-प्रदान कार्यक्रमों और अध्ययन के लिए आमंत्रित किया गया था। यह लक्ष्य इस साल तय समय से पहले ही हासिल कर लिया गया।

शी ने कहा, ‘‘चीन-अमेरिका संबंधों की उम्मीद दोनों देशों के लोगों में है और इसका भविष्य युवाओं पर निर्भर है। मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि अगले पांच वर्षों में एक लाख युवा अमेरिकियों को अध्ययन और आदान-प्रदान कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए चीन आने का निमंत्रण दिया जाएगा।’’

चीनी नेता ने द्वितीय विश्व युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान चीनी और अमेरिकी लोगों ने ‘फासीवादी’ आक्रमण के खिलाफ ‘कंधे से कंधा मिलाकर’ लड़ाई लड़ी थी।

शी ने कहा, ‘‘चीनी लोग इतिहास के उस हिस्से को कभी नहीं भूले हैं और न ही अमेरिकी इसे भूले हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘देवियों और सज्जनों, प्रिय मित्रों, चीनी राष्ट्र के महान पुनरुत्थान के लक्ष्य को हासिल करना और अमेरिका को फिर से महान बनाना, ये साथ-साथ हो सकते हैं। आइए हम लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरें और अपनी ऐतिहासिक जिम्मेदारी निभाएं। आइए, दोनों देशों के लोगों के बीच मित्रता को आगे बढ़ाते रहें और मिलकर एक बेहतर दुनिया बनाने के लिए काम करें।’’

इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जापानी आक्रमण के खिलाफ चीन की मदद करने में अमेरिका की भूमिका का उल्लेख किया था।

ट्रंप ने सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और ‘सुपर इंटेलिजेंस’ से जुड़े मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में उनके और शी के फैसले आने वाले दशकों तक शांति और समृद्धि को बढ़ावा दे सकते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हम अपने साझा हितों पर ध्यान केंद्रित करते हैं और मुझे विश्वास है कि इतिहास में हम बहुत कुछ हासिल कर सकते हैं।’’

ट्रंप ने कहा, ‘‘उन साझा हितों की तलाश ने विशाल महासागरों, बहुत लंबी दूरी और कई मतभेदों के बावजूद हमारे लोगों को जोड़े रखा है और यहां तक कि द्वितीय विश्व युद्ध में हमें सहयोगी भी बनाया।’’

भाषा संतोष पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में