भारत और अमेरिका आतंकवाद के खात्मे तक अपने प्रयास जारी रखेंगे: क्वात्रा
भारत और अमेरिका आतंकवाद के खात्मे तक अपने प्रयास जारी रखेंगे: क्वात्रा
(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 11 सितंबर (भाषा) अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने 2001 में अमेरिका में हुए भीषण आतंकवादी हमलों की 25वीं बरसी पर पेंटागन स्थित राष्ट्रीय 9/11 स्मारक पर शुक्रवार को श्रद्धांजलि अर्पित की।
क्वात्रा ने एक संदेश में कहा कि जब तक आतंकवाद का पूरी तरह खात्मा नहीं हो जाता, तब तक भारत और अमेरिका एकजुट होकर प्रयास जारी रखेंगे।
उन्होंने कहा, “आज से 25 साल पहले इसी दिन आतंकवादियों ने अमेरिका पर हमला किया था। आज हम उन हमलों के पीड़ितों को याद करते हैं और उनके परिवारों के लिए प्रार्थना करते हैं।’’
उन्होंने कहा कि आतंकवाद ने दुनियाभर में अनगिनत निर्दोष लोगों की जान ली है तथा इसे अंजाम देने वाले, इसका समर्थन करने वाले और इसे प्रायोजित करने वाले लोग साझा मानवता में निहित हर अच्छी और सभ्य भावना के खिलाफ खड़े हैं।
क्वात्रा ने कहा, ‘‘ऐसे लोग करुणा, गरिमा और स्वयं सभ्यता के खिलाफ हैं।’’
उन्होंने कहा कि भारत लंबे समय से सीमा पार आतंकवाद का सामना करता आया है और इसके खिलाफ लड़ाई में हमेशा अग्रिम मोर्चे पर रहा है।
क्वात्रा ने कहा, “हमारी नीति आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करने की है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भारत और अमेरिका इस खतरे के खिलाफ एक साथ खड़े रहे हैं। जब तक आतंकवाद का पूरी तरह खात्मा नहीं हो जाता, तब तक भारत और अमेरिका एकजुट होकर प्रयास जारी रखेंगे।’’
भाषा
देवेंद्र राजकुमार
राजकुमार

Facebook


