यमन के हूती विद्रोहियों ने लाल सागर के एक द्वीप पर कब्जा किया

यमन के हूती विद्रोहियों ने लाल सागर के एक द्वीप पर कब्जा किया

यमन के हूती विद्रोहियों ने लाल सागर के एक द्वीप पर कब्जा किया
Modified Date: September 11, 2026 / 10:01 pm IST
Published Date: September 11, 2026 10:01 pm IST

काहिरा, 11 सितंबर (एपी) यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण द्वीप पर कब्जा कर लिया है। इससे पहले उन्होंने लाल सागर के एक बंदरगाह पर भी कब्जा किया था। इन कदमों से इस क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार के बाधित होने का खतरा पैदा हो गया है।

इस बीच, एआई कंपनी ‘एंथ्रोपिक’ ने कहा कि उसने उत्तरी यमन में ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें ‘ब्लॉक’ कर दिया, जो उन्नत मिसाइलों को विकसित करने का प्रयास कर रहे थे।

अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि हूती विद्रोहियों ने लाल सागर के प्रवेश द्वार कहे जाने वाले बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य में सामरिक रूप से महत्वपूर्ण एक द्वीप पर कब्जा कर लिया है।

यमन के विभिन्न हिस्सों पर हूती विद्रोही तेजी से कब्जा कर रहे हैं, जिससे दुनिया के प्रमुख व्यापारिक समुद्री मार्गों में से एक बाब अल मंदेब के रास्ते होने वाले सऊदी अरब के तेल निर्यात पर खतरा और बढ़ गया है।

एक हूती प्रसारक ने बताया कि सऊदी अरब ने इसके जवाब में महत्वपूर्ण बंदरगाह शहर मोखा के हवाई अड्डे पर हवाई हमले किए। हूती विद्रोहियों ने बृहस्पतिवार को इस शहर पर कब्जा किया था। फिलहाल नुकसान या किसी की मौत की तत्काल कोई जानकारी नहीं मिली है।

यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी और एक हूती अधिकारी ने इस जलडमरूमध्य में स्थित छोटे और बंजर ज्वालामुखीय द्वीप मायून पर हूती विद्रोहियों के कब्जे की पुष्टि की।

इस द्वीप को पेरिम के नाम से भी जाना जाता है और यह यमन के पश्चिमी तट से लगभग 3.5 किलोमीटर दूर है।

बाब अल मंदेब होर्मुज जलडमरूमध्य का एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक मार्ग है। हूती विद्रोहियों के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य हज़ाम अल-असद ने ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ से कहा, “अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।”

उन्होंने कहा कि हूती सऊदी अरब की आक्रामक कार्रवाई का जवाब दे रहे हैं और अगर रियाद हमले जारी रखता है तो “हमारी सेना के पास कई बड़े और महत्वपूर्ण ठिकानों की सूची है।”

इससे पहले, दिन में ईरान सरकार ने यमन में सऊदी अरब की नाकेबंदी खत्म करने की अपील की और अपने सहयोगी हूती विद्रोहियों का पुरजोर समर्थन किया था।

हूती विद्रोहियों के बंदरगाह के करीब पहुंचने के बाद अपने पहले बयान में ईरान के विदेश मंत्रालय ने सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच वार्ता की भी अपील की।

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने शुक्रवार को कहा कि ईरान और ओमान तथा इराक समेत अन्य फारस की खाड़ी के देशों के बीच एक क्षेत्रीय बैठक की योजना बनाई गई है।

बघाई ने पत्रकारों से कहा कि यह बैठक सोमवार को ओमान में होगी और इसमें होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही को लेकर ईरान और ओमान के बीच हुई पिछली बातचीत पर चर्चा की जाएगी।

इजराइल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने शुक्रवार को कहा कि उनके देश की सेना ने दक्षिणी लेबनान में रणनीतिक अली ताहेर रिज में सुरंगों को नष्ट करने का काम पूरा कर लिया है। उन्होंने कहा कि इन सुरंगों का निर्माण ईरानी वित्तीय मदद से आतंकवादी संगठन हिजबुल्लाह ने किया था।

नासिर अस्पताल के अनुसार, शुक्रवार को दक्षिणी गाजा में इजराइली हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं।

इजराइली सेना ने कहा कि खान यूनिस में किया गया यह हमला हमास के एक सदस्य को निशाना बनाकर किया गया था।

एपी

देवेंद्र दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में