(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, 16 जून (भाषा) भारत ने बौद्ध दर्शन की शिक्षा के लिए प्रसिद्ध नेपाल के एक मठ विद्यालय के लिए नए दो मंजिला छात्रावास भवन के निर्माण में वित्तीय सहायता प्रदान की है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव और स्थानीय निकाय के अध्यक्ष ताशी न्हारबू गुरुंग ने सोमवार को गंडकी प्रांत की लोमान्थांग ग्रामीण नगरपालिका स्थित लोवो न्यीफुंग नामद्रोल नोरबुलिंग मठ विद्यालय के छात्रावास भवन का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया।
काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि नोरबुलिंग मठ विद्यालय स्थानीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है।
विज्ञप्ति के अनुसार, दो मंजिला छात्रावास भवन का निर्माण उच्च प्रभाव वाली सामुदायिक विकास परियोजना के तहत किया गया है। इसमें चार खंडों के साथ अन्य आवश्यक सुविधाएं भी शामिल हैं।
स्थानीय निकाय अध्यक्ष गुरुंग ने भारत सरकार द्वारा प्रदान किए गए विकासात्मक सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
विद्यालय में बौद्ध दर्शन की शिक्षा के साथ-साथ नेपाल सरकार की शिक्षा प्रणाली के अनुरूप सामान्य पाठ्यक्रम की भी पढ़ाई कराई जाती है।
राजदूत श्रीवास्तव ने इस अवसर पर कहा कि भारत, नेपाल सरकार और वहां की जनता के साथ साझेदारी के माध्यम से पारस्परिक विकास और समृद्धि को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
भाषा रवि कांत रवि कांत प्रशांत
प्रशांत