प्रधानमंत्री मोदी, यूएई के राष्ट्रपति अल नाहयान ने पश्चिम एशिया के हालात पर चर्चा की

Ads

प्रधानमंत्री मोदी, यूएई के राष्ट्रपति अल नाहयान ने पश्चिम एशिया के हालात पर चर्चा की

  •  
  • Publish Date - June 17, 2026 / 12:34 AM IST,
    Updated On - June 17, 2026 / 12:34 AM IST

एवियॉन (फ्रांस), 16 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने मंगलवार को पश्चिम एशिया के हालात पर चर्चा की और क्षेत्र में स्थायी शांति, सुरक्षा तथा स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए बातचीत, कूटनीति व अंतरराष्ट्रीय कानून के सम्मान के महत्व पर जोर दिया।

दोनों नेताओं की मुलाक़ात पूर्वी फ्रांस के एवियॉन में जी7 शिखर सम्मेलन के इतर हुई।

‘एक्स’ पर एक पोस्ट में, मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति के साथ अपनी मुलाकात को “बहुत अच्छा” बताया और कहा कि उन्होंने कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों और भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।

प्रधानमंत्री ने कहा, “मेरे भाई, महामहिम शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ बहुत अच्छी बैठक हुई। हमने भारत-यूएई के बीच अलग-अलग क्षेत्रों में संबंधों और हमारी ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।”

प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात सरकार और राष्ट्रपति के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने यूएई में रहने वाले भारतीय समुदाय के लिए “देखभाल और चिंता” दिखाई।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि दोनों पक्षों ने “आपसी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने” के उपायों की समीक्षा की और “पश्चिम एशिया क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता” पर विचारों का आदान-प्रदान किया।

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि बैठक के दौरान मोदी ने “पश्चिम एशिया क्षेत्र में स्थायी शांति, सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए बातचीत, कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय कानून, संप्रभुता तथा क्षेत्रीय अखंडता के सम्मान” के महत्व पर जोर दिया।

दोनों पक्षों ने “होर्मुज जलडमरूमध्य से लगातार मुक्त, सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही, व्यापार और वाणिज्य” की भी मांग की।

बातचीत के दौरान, मोदी ने अल नाहयान को इस साल के आखिर में भारत में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने का न्योता भी दिया।

भाषा प्रशांत सुरभि

सुरभि