भारत, फ्रांस और यूएई ने पश्चिम एशिया के हालात पर चर्चा की; त्रिपक्षीय सहयोग में प्रगति की समीक्षा की

भारत, फ्रांस और यूएई ने पश्चिम एशिया के हालात पर चर्चा की; त्रिपक्षीय सहयोग में प्रगति की समीक्षा की

भारत, फ्रांस और यूएई ने पश्चिम एशिया के हालात पर चर्चा की; त्रिपक्षीय सहयोग में प्रगति की समीक्षा की
Modified Date: September 23, 2026 / 07:39 pm IST
Published Date: September 23, 2026 7:39 pm IST

(योषिता सिंह)

न्यूयार्क, 23 सितंबर (भाषा) भारत, फ्रांस और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने संयुक्त राष्ट्र महासभा से इतर यहां एक त्रिपक्षीय मंत्री-स्तरीय बैठक की, जिसमें पश्चिम एशिया के हालात पर चर्चा की गई और अंतरिक्ष व कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसे क्षेत्रों में त्रिपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की गई।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर, फ्रांस के विदेश मंत्री ज्यां-नोएल बैरोट और यूएई के विदेश मंत्री व उप प्रधानमंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान ने मंगलवार को यहां आयोजित भारत-फ्रांस-यूएई त्रिपक्षीय मंत्री-स्तरीय बैठक की अगुवाई की।

विदेश मंत्रालय के एक बयान में कहा गया, ‘‘मंत्रियों ने आपसी हित के सहमति वाले क्षेत्रों में त्रिपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की, जिसमें अंतरिक्ष, एआई और संस्कृति व विरासत जैसे क्षेत्र शामिल हैं। तीनों मंत्रियों ने पश्चिम एशिया के हालात पर भी चर्चा की।’’

बयान में आगे कहा गया, ‘‘उन्होंने आपसी हित के क्षेत्रों में त्रिपक्षीय सहयोग को और मजबूत व विस्तारित करने तथा तीनों देशों के बीच मौजूद मजबूत और मैत्रीपूर्ण संबंधों को और आगे बढ़ाने पर जोर दिया।’’

इसमें कहा गया कि भारत, फ्रांस और यूएई ने ठोस पहलों के माध्यम से अपने बीच रचनात्मक संबंध और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा सभी सहयोगी क्षेत्रों में प्रगति की समीक्षा के लिए नियमित अंतराल पर मिलने पर सहमति जताई।

त्रिपक्षीय बैठक के बाद ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में जयशंकर ने कहा, ‘‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य विज्ञान, ऊर्जा और संस्कृति के क्षेत्रों में सहयोग चर्चा का मुख्य विषय था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे साझा हित और एक-दूसरे की पूरक क्षमताएं सहयोग के लिए अपार संभावनाएं प्रदान करती हैं। चर्चा को आगे बढ़ाने के लिए जल्द ही फिर से मिलने पर सहमति बनी।’’

भाषा वैभव नरेश

नरेश


लेखक के बारे में