भारत, भूटान की प्रगति के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध : जयशंकर

भारत, भूटान की प्रगति के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध : जयशंकर

भारत, भूटान की प्रगति के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध : जयशंकर
Modified Date: September 17, 2026 / 06:28 pm IST
Published Date: September 17, 2026 6:28 pm IST

थिंपू, 17 सितंबर (भाषा) विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बृहस्पतिवार को थिंपू में भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे से मुलाकात की और कहा कि भारत भूटान की प्रगति और समृद्धि के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

जयशंकर दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों तथा सहयोग को और मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर भूटान पहुंचे थे।

जयशंकर ने बैठक के बाद ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज थिंपू में भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे से मुलाकात कर बेहद खुशी हुई। उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं दीं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी मित्रता और सहयोग को लेकर तोबगे की भावनाओं की मैं गहराई से सराहना करता हूं। भारत भूटान की प्रगति और समृद्धि के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।’’

इस मौके पर जयशंकर ने भूटानी प्रधानमंत्री को भारत में निर्मित 54 इलेक्ट्रिक वाहन भी सौंपे।

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘भारत ई-मोबिलिटी और सतत परिवहन की दिशा में भूटान के कदमों का समर्थन कर रहा है।’’

जयशंकर का बुधवार को थिंपू के पारो शहर पहुंचने पर उनके भूटानी समकक्ष डीएन ढुंग्येल ने गर्मजोशी से स्वागत किया था।

दोनों मंत्रियों के बीच वार्ता विकास साझेदारी, ऊर्जा, व्यापार, संपर्क, संस्कृति और लोगों के बीच संबंधों सहित बहुआयामी सहयोग को आगे बढ़ाने पर केंद्रित रही।

विदेश मंत्री ने कई परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया था, जिनमें मोंगर में 65 बिस्तर वाला ग्यालत्सुएन जेत्सुन पेमा मातृ एवं शिशु अस्पताल भी शामिल है।

उन्होंने उत्तरी भूटान के गासा में 500 किलोवाट की लुनाना जलविद्युत परियोजना की आधारशिला भी रखी थी।

भाषा

देवेंद्र पारुल

पारुल


लेखक के बारे में