भारतीय राजदूत ने कैलाश मानसरोवर तीर्थयात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का वीडियो साझा किया

Ads

भारतीय राजदूत ने कैलाश मानसरोवर तीर्थयात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का वीडियो साझा किया

  •  
  • Publish Date - June 19, 2026 / 10:02 PM IST,
    Updated On - June 19, 2026 / 10:02 PM IST

बीजिंग, 19 जून (भाषा) चीन में भारत के राजदूत विक्रम दोराईस्वामी ने कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले भारतीय तीर्थयात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं के बारे में एक वीडियो पोस्ट किया है।

इससे पहले, उन्होंने व्यवस्था का जायजा लेने के लिए हाल में तिब्बत का दौरा किया था।

उन्होंने वीडियो में कहा, ‘‘भारत से आये दोस्तों और कैलाश मानसरोवर यात्रा के तीर्थयात्रियों, नमस्कार। यह बीजिंग में भारतीय दूतावास की ओर से संदेश है। हम चीन के याडोंग काउंटी में आपका गर्मजोशी से स्वागत करते हैं।’’

यह वीडियो शुक्रवार को भारतीय दूतावास की वेबसाइट पर पोस्ट किया गया।

उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों का स्वागत नाथुला दर्रे के प्रवेश द्वार पर चीनी सीमा शुल्क और आव्रजन अधिकारी करेंगे।

आव्रजन की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद, उन्हें बस से याडोंग काउंटी ले जाया जाएगा, जो लगभग 35 से 40 मिनट का सफर है।

उन्होंने बताया कि याडोंग काउंटी में सीमावर्ती बाजार के लिए एक खास सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

दोराईस्वामी ने सुविधाओं, जैसे कि रेस्तरां और विदेशी मुद्रा बदलने की व्यवस्था के बारे में जानकारी दी और तीर्थयात्रियों को सर्द मौसम के बारे में आगाह किया। उन्होंने अलग-अलग जगहों पर मौजूद सुविधाओं को दिखाने के लिए और वीडियो पोस्ट करने का भी वादा किया।

दोराईस्वामी पिछले हफ्ते तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र की अपनी पहली यात्रा पर ल्हासा गए थे, ताकि कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले भारतीय तीर्थयात्रियों के लिए स्थानीय सरकारी अधिकारियों द्वारा किये गए इंतजाम की संयुक्त रूप से समीक्षा की जा सके।

तीर्थयात्रियों के इस महीने के आखिर में पहुंचने का कार्यक्रम है।

भाषा सुभाष अविनाश

अविनाश