भारतीय सेना के मेजर ने अमेरिकी सेना के उन्नत प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में दो पुरस्कार जीते

Ads

भारतीय सेना के मेजर ने अमेरिकी सेना के उन्नत प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में दो पुरस्कार जीते

  •  
  • Publish Date - June 4, 2026 / 08:19 PM IST,
    Updated On - June 4, 2026 / 08:19 PM IST

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, चार जून (भाषा) भारतीय सेना के एक मेजर ने फोर्ट लेवेनवर्थ, कंसास में आयोजित एक प्रतिष्ठित अमेरिकी सेना नेतृत्व कार्यक्रम में दो शैक्षणिक पुरस्कार जीते हैं, जिसमें अमेरिका और सहयोगी देशों के 951 अधिकारी शामिल थे।

अमेरिकी सेना के ‘कमांड एंड जनरल स्टाफ कॉलेज’ के ‘कमांड एंड जनरल स्टाफ ऑफिसर कोर्स’ (सीजीएसओसी) के दीक्षांत समारोह के दौरान भारत के मेजर प्रभात मिश्रा को उत्कृष्ट ‘मास्टर ऑफ मिलिट्री आर्ट्स एंड साइंस थीसिस’ के लिए ‘बिरर-ब्रूक्स’ पुरस्कार और ‘जनरल डगलस मैकआर्थर मिलिट्री लीडरशिप राइटिंग अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।

ये पुरस्कार 951 स्नातकों को प्रदान किए गए जिन्होंने 10 महीने का कार्यक्रम पूरा किया।

स्नातक होने वालों में 92 देशों के 120 अंतरराष्ट्रीय सैन्य छात्र शामिल थे।

अमेरिकी सेना के एक बयान में कहा गया कि इस वर्ष के बैच ने संशोधित और आधुनिक पाठ्यक्रम का अध्ययन किया।

अन्य अंतरराष्ट्रीय अधिकारियों में नॉर्वे के मेजर अलेक्जेंडर ग्रैनबर्ग को जनरल ड्वाइट डी. आइजनहावर पुरस्कार और आर्टर-डॉनिफान पुरस्कार प्राप्त हुआ। कुवैत के लेफ्टिनेंट कर्नल तालेह एस एफ एच एच अलराशिद को मेजर जनरल हंस श्लूप पुरस्कार मिला।

फोर्ट लेवेनवर्थ में अंतरराष्ट्रीय सैन्य शिक्षा की शुरुआत 1894 में हुई थी। तब से, लगभग 170 देशों के 8,700 से अधिक अंतरराष्ट्रीय सैन्य छात्रों ने अपने अमेरिकी समकक्षों के साथ कक्षाओं में भाग लिया है।

भाषा नेत्रपाल नरेश

नरेश