भारतीय कैप्टन ने टाली बड़ी त्रासदी, विमान को गिराने की कोशिश कर रहे सह-पायलट से भिड़ा : मीडिया
भारतीय कैप्टन ने टाली बड़ी त्रासदी, विमान को गिराने की कोशिश कर रहे सह-पायलट से भिड़ा : मीडिया
दुबई/यरूशलम, 30 सितंबर (भाषा) फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव उड़ान के भारतीय कैप्टन ने तब एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया जब वह विमान को कथित तौर पर गिराने की कोशिश कर रहे सह-पायलट से भिड़ गया। इस घटना के चलते विमान को सऊदी अरब में आपात स्थिति में उतरना पड़ा। इजराइली मीडिया ने बुधवार को सह जानकारी दी।
समाचार वेबसाइट वाईनेट ने इज़राइली अधिकारियों के हवाले से बताया कि सह-पायलट ओमान का नागरिक है और उस पर विमान को गिराने की कोशिश करने का संदेह था।
सऊदी अरब में उतरने के बाद विमान अब सुरक्षित इजराइल पहुंच गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, विमान को दुर्घटनाग्रस्त होने से बचाने के लिए भारतीय कैप्टन अपने सह-पायलट से भिड़ गया और बाद में इज़राइली यात्रियों ने सह-पायलट को काबू करने में मदद की।
इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक बयान में कहा कि एक पायलट ने दूसरे पायलट को चाकू घोंप दिया और ऐसा लगता है कि उसने (हमलावर पायलट) ने यात्रियों को ले जा रहे विमान को गिराने की कोशिश की।
नेतन्याहू ने कहा, ‘‘उड़ान के दौरान, जब वे इज़राइल की तरफ आ रहे थे, तो एक पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला कर दिया और ज़ाहिर तौर पर यात्रियों को ले जा रहे विमान को गिराने की कोशिश की।’’
उन्होंने बताया कि एक इज़राइली यात्री ने उन्हें जानकारी दी कि विमान घूमने लगा और नीचे की ओर जाने लगा, जिसके बाद यात्री और चालक दल का एक सदस्य कॉकपिट में घुसने और उस पायलट को काबू करने में सफल रहे जिसने चाकू मारा था, और जो विमान की संचालन प्रणाली को नष्ट करने की कोशिश कर रहा था।
नेतान्याहू के अनुसार, इसके बाद चालक दल का एक और सदस्य कॉकपिट में घुसा और उसने विमान को स्थिर करने में मदद की। उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन नायकों को सलाम करता हूं जिन्होंने असाधारण सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। उन्होंने कई जिंदगियां बचाईं और एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया।’’
उन्होंने कहा कि विमान सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
नेतन्याहू ने यह भी कहा कि चाकू से हमला करने वाले पायलट को गिरफ़्तार कर लिया गया है और सऊदी अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं।
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 ने सऊदी अरब के तबुक की ओर मुड़ने से पहले आपातकालीन सिग्नल भेजे और तेज़ी से नीचे की ओर जाने लगी।
तबुक हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि दोनों पायलट घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फ्लाईदुबई ने पुष्टि की कि उड़ान के दौरान विमान में एक घटना हुई और यह तबुक में सुरक्षित रूप से उतर गया।
एयरलाइन ने कहा कि वह संबंधित अधिकारियों के साथ सहयोग कर रही है और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
हालांकि, एयरलाइन ने अपनी ओर से पायलटों की पहचान या राष्ट्रीयता का खुलासा नहीं किया है।
इज़राइली अधिकारियों को विमान के अपहरण की आशंका हुई और उन्होंने लड़ाकू विमान भेजे। घटना की जांच जारी है।
इस घटना के बारे में यात्रियों के बयान भी इज़राइली मीडिया में सामने आए।
ज़्विका मेनेस नाम के एक यात्री ने कथित हमलावर को काबू करने में मदद करने का दावा किया। उसने इज़राइल के अख़बार ‘कैल्केलिस्ट’ को बताया कि उनके और दूसरों के दखल देने से पहले उनकी पत्नी ने कॉकपिट के पास चिल्लाने और चीखने की आवाज़ें सुनी थीं।
वहीं, एक और यात्री डेलिया श्पिगेल ने इज़राइली अख़बार ‘हारेत्ज’ को बताया कि ‘‘तीन से पांच लोगों के कॉकपिट में घुसने’’ और हमलावर को काबू करने से पहले ‘‘पूरे विमान में ज़ोर-ज़ोर से चीखने-चिल्लाने की आवाज़ें आ रही थीं।’’
वाईनेट के अनुसार, उड़ान में 27 बच्चों सहित 174 यात्री सवार थे।
‘बीबीसीवैरिफाई’ के उड़ान-ट्रैकिंग डेटा के विश्लेषण से पता चला कि विमान लगभग 34,000 फुट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, फिर अचानक लगभग 17,000 फुट नीचे आ गया, 5,000 फुट ऊपर गया और फिर 7,000 फुट नीचे आकर लगभग 15,000 फुट की ऊंचाई पर स्थिर हो गया - और यह सब पांच मिनट से भी कम समय में हुआ।
इज़राइली रक्षा मंत्री इज़राइल काट्ज़ ने कहा कि विमान में हुई घटना ‘‘जिहादी आतंकवादी हमले की कोशिश थी, जिसे कई इज़राइली यात्रियों की बहादुरी की वजह से नाकाम कर दिया गया; उन्होंने कॉकपिट में घुसकर आतंकवादी को काबू में कर लिया।’’
वीडियो क्लिप में फ्लाईदुबई विमान में सवार यात्रियों को विमान के अगले हिस्से की ओर जाते हुए देखा जा सकता है, जबकि अन्य लोगों को चिल्लाते हुए और यह पूछते हुए सुना जा सकता है कि क्या हुआ है।
इज़राइल में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में, एक आदमी, जिसके चेहरे पर खून लगा है, खुद का वीडियो बनाते हुए यह कहते सुनाई देता है, ‘‘हम यहां हैं- विमान में - हमने अभी-अभी आतंकवादियों पर काबू पा लिया है। हम उतरने वाले हैं। जो कोई भी मुझे सुन रहा है: हमें मदद की ज़रूरत है। हम ताबुक में उतर रहे हैं।’’
भाषा नेत्रपाल पवनेश
पवनेश
लेखक के बारे में
Web Title: भारतीय कैप्टन ने टाली बड़ी त्रासदी, विमान को गिराने की कोशिश कर रहे सह-पायलट से भिड़ा : मीडिया
दुनिया की खबर | World News in Hindi
और भी पढ़ें ›अमेरिका संचालित वायुसैनिक अड्डे पर सुरक्षा संबंधी घटना में ईरान की भूमिका के संकेत : ब्रिटेन
30 Sept 2026 | 10:59 pmभारत के एससीओ समन्वयक ने इस्लामाबाद बैठक में क्षेत्रीय संपर्क, व्यापार, पारगमन को दी प्रमुखता
30 Sept 2026 | 10:30 pmचीन ने लाओस में वायुसेना सहायता एवं प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया
30 Sept 2026 | 9:49 pmनेपाल के हिमलुंग हिमाल हिमस्खलन में मृतकों की संख्या बढ़कर सात हुई
30 Sept 2026 | 9:42 pmखबर इजराइल विमान
30 Sept 2026 | 9:31 pmविस्कॉन्सिन की मस्जिद के प्रमुख को विदेश नीति के आधार पर निर्वासित कर सकता है अमेरिका: न्यायाधीश
30 Sept 2026 | 9:28 pmरूस ने यूक्रेन पर मिसाइल एवं ड्रोन हमला किया, सात लोगों की मौत
30 Sept 2026 | 9:13 pmवैन गॉग और सेजान की दुर्लभ कलाकृतियों की सॉदबीज करेगा नीलामी
30 Sept 2026 | 8:41 pm