भारतीय तटरक्षकों ने श्रीलंकाई मछुआरों पर हमला किया: श्रीलंका
भारतीय तटरक्षकों ने श्रीलंकाई मछुआरों पर हमला किया: श्रीलंका
कोलंबो, दो फरवरी (भाषा) श्रीलंका के मत्स्य पालन मंत्री रामलिंगम चंद्रशेखरन ने सोमवार को आरोप लगाया कि भारतीय तटरक्षकों ने उसके जलक्षेत्र के अंदर श्रीलंकाई मछुआरों पर हमला किया।
मंत्री ने घटना के संबंध में मीडिया से बात करते हुए कहा कि भारतीय उच्चायोग को इस घटना की जानकारी दे दी गई है।
मंत्री के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी तट के वेन्नप्पुवा में वेल्लामंकारया बंदरगाह से तीन नौकाओं में सवार 12 मछुआरे मछली पकड़ने निकले थे।
उन्होंने कहा कि 29 जनवरी को भारतीय तटरक्षकों ने उनपर श्रीलंका के समुद्री सीमा क्षेत्र के अंदर हमला किया।
मंत्री ने कहा कि नौसेना ने एक पोत तैनात किया, जिसके जरिये गंभीर रूप से घायल चार मछुआरों को किनारे लाया गया।
नौसेना के प्रवक्ता बुद्धिका संपथ ने कहा कि एक अन्य नौसैनिक पोत का इस्तेमाल करके छह और घायल मछुआरों को वापस लाया गया।
मछुआरों के संघ के अधिकारी टायरॉन मेंडिस ने कहा, “तीन नौकाओं पर हमला हुआ, जिनमें से दो हमले के समय श्रीलंकाई जलक्षेत्र में ही थीं।”
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप

Facebook


